उदयपुर में रूफटॉप सोलर को मिल रहा बढ़ावा14 हजार घरों में लग चुके हैं सोलर पैनल

 | 
Udaipur Rooftop Solar

 

Udaipur Times, Rooftop Solar:  अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) एवं सिटी एक्सेलरेटर प्रोग्राम (CSP) टीम के संयुक्त समन्वय से उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को लेकर आयोजित जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर में लोगों का उत्साह देखने को मिला। 6 से 17 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में 185 उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने में रुचि दिखाई और इसके लिए अपनी संपर्क जानकारी साझा की।

AVVNL SE के आर मीणा ने बताया कि शिविर में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसमें राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन, अधिकृत वेंडर का चयन, सोलर प्लांट इंस्टॉलेशन, निरीक्षण, नेट मीटरिंग और सरकारी सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। एक ही स्थान पर सभी तकनीकी और औपचारिक जानकारियां मिलने से लोगों को योजना को समझने और इससे जुड़ी शंकाओं का समाधान करने में सुविधा मिली।

एसई मीणा ने कहा कि उदयपुर में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। विभाग का प्रयास है कि पात्र उपभोक्ताओं तक योजना की सही जानकारी पहुंचे और वे इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।  

सीएपी कंसल्टेंट प्रियंक छाजेड़ ने शिविर में मिले सकारात्मक प्रतिसाद को रूफटॉप सोलर के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का संकेत बताया। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली बिल में बचत के साथ लंबे समय तक आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है।

3 किलोवाट तक 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को घर की छत पर सोलर सिस्टम लगवाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। योजना के अनुसार 1 किलोवाट क्षमता के सिस्टम पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त राजस्थान में मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अनुसार 17 हजार रुपये तक की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी भी मिल सकती है। इस तरह पात्र उपभोक्ता कुल 95 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

अपार्टमेंट और सोसायटियों के लिए भी फायदेमंद योजना

यह योजना केवल व्यक्तिगत मकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है। सोसायटियों की साझा बिजली जरूरतों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट की केंद्रीय सब्सिडी का प्रावधान है। यह अधिकतम 500 किलोवाट तक लागू हो सकती है, जिसमें प्रति घर 3 किलोवाट की सीमा निर्धारित है। इसके माध्यम से सोसायटियां लिफ्ट, पानी की मोटर, कॉमन एरिया की लाइट, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य साझा सुविधाओं के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग कर सकती हैं। इससे सोसायटी के बिजली खर्च और मासिक मेंटेनेंस पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।

उदयपुर में सौर ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम, 14 हजार घरों में सफल इंस्टॉलेशन

जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर लोगों की बढ़ती दिलचस्पी आंकड़ों में भी नजर आ रही है। अब तक जिले में 19 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 14 हजार से ज्यादा घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। सेलिब्रेशन मॉल में आयोजित शिविर के दौरान 185 उपभोक्ताओं की ओर से दिखाई गई रुचि इस अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

योजना के सब्सिडी का लाभ 31 मार्च 2027 तक लिया जा सकता है। ऐसे में पात्र घरेलू उपभोक्ताओं और आवासीय सोसायटियों से अपील की गई है कि वे समय रहते योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाएं।

योजना की विस्तृत जानकारी, ऑनलाइन पंजीकरण और अधिकृत वेंडर की जानकारी के लिए उपभोक्ता केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News