बीएन संस्थान में 26 करोड़ घोटाले का आरोप

एडहॉक कमेटी ने पूर्व पदाधिकारियों पर फर्जी नियुक्ति, भ्रष्टाचार और वित्तीय गड़बड़ी के लगाए गंभीर आरोप

 | 

उदयपुर 18 अप्रैल 2026 - शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था भूपाल नोबल्स (बीएन) संस्थान में विद्या प्रचारिणी सभा की एडहॉक कमेटी और पूर्व कार्यकारिणी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। प्रधान संरक्षक और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ द्वारा गठित एडहॉक कमेटी ने पूर्व पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। एडहॉक कमेटी के चेयरमैन डॉ. युवराज सिंह झाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संस्थान में पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार खत्म करना ही मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व पदाधिकारियों ने फर्जी डिग्री के आधार पर रिश्तेदारों को नौकरियां दीं और करीब 26 करोड़ रुपये की एफडी जाली हस्ताक्षरों से तुड़वाकर राशि का दुरुपयोग किया।

झाला ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से एक ही गुट का संस्थान पर कब्जा रहा, जिसने निष्पक्ष ऑडिट नहीं होने दिया। वर्ष 2017 और 2022 में ऑडिट की कोशिशों को भी बीच में रुकवा दिया गया। वर्ष 2025 में ऑडिट टीम के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें कार्यालय में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान की करोड़ों रुपये की जमीन को निजी स्वार्थ के लिए उपयोग करने की साजिश रची गई। साथ ही विश्वविद्यालय में नियमों के विरुद्ध प्रमोशन और अयोग्य व्यक्तियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

गौरतलब है कि विद्या प्रचारिणी सभा के पदाधिकारियों का कार्यकाल 12 फरवरी 2026 को समाप्त होने के बाद कोर्ट के आदेश पर 11 सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी वर्तमान में संस्थान की बाहरी ऑडिट करवा रही है और कथित गड़बड़ियों के साक्ष्य जुटा रही है। वहीं पूर्व कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारी एडहॉक कमेटी को मानने से इनकार कर रहे हैं, जिससे विवाद और बढ़ता जा रहा है। एडहॉक कमेटी का कहना है कि यह संस्थान की प्रतिष्ठा और पारदर्शिता की लड़ाई है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

#UdaipurNews #RajasthanNews #BNInstitution #BhupalNobles #EducationScam #UdaipurUpdates #RajasthanEducation #CorruptionCase #AuditInvestigation #LocalNewsUdaipur #UdaipurCity #MewarNews #BreakingRajasthan #IndiaNews #Governance

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal