RSSB द्वारा परिचालक भर्ती परीक्षा आयोजित

15 परीक्षा केंद्र बनाए गए

 | 
RSSB

उदयपुर 6 नवंबर 2025। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) द्वारा परिचालक (कंडक्टर) भर्ती परीक्षा के लिए 500 पदों पर बुधवार को राजस्थान भर में परीक्षा आयोजित की गई। उदयपुर में इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 5064 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। एक ही पारी में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा हुई। उदयपुर में 49.59% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

परीक्षा केन्द्रो पर सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया गया था। ठीक 10 बजे गेट बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। प्रवेश से पहले पुलिसकर्मियों ने ID कार्ड और एडमिट कार्ड की जांच की। कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों के हाथों में बंधे धागे भी कटवाए गए। सभी की मेटल डिटेक्टर से स्कैनिंग कराई गई और मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बाहर ही जमा करवाए गए। परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी गई।

राज्य भर में कुल 1 लाख 12 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए रजिस्टर्ड थे। प्रदेश के 14 जिलों में 370 परीक्षा केंद्र बनाए गए। भर्ती परीक्षा 500 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिनमें 454 पद गैर-अनुसूचित क्षेत्र और 46 पद अनुसूचित क्षेत्र के लिए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार एडमिट कार्ड पर एक विशेष लिंक दिया गया था। इसे स्कैन कर परीक्षार्थी आसानी से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सके। यह सुविधा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 5 बड़े जिलों में शुरू की गई है। फिलहाल इसमें गूगल लोकेशन या मुख्य द्वार की फोटो शामिल नहीं है, लेकिन बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की जानकारी उपलब्ध कराई गई है।