बांसवाड़ा के सचिन ने साइकिल से नापे 17 राज्यों के 17,250 किलोमीटर
Udaipur Times, Banswara News: बांसवाड़ा जिले के चिड़ियावासा गांव के युवा सचिन कलाल ने साइकिल से 17 राज्यों में 17,250 किलोमीटर का सफर तय कर अपनी ‘अखंड भारत साइकिल यात्रा’ पूरी कर ली है। 232 दिनों तक चली इस यात्रा में उन्होंने चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों सहित देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। साथ ही दक्षिण भारत और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों की संस्कृति और रहन-सहन को करीब से जाना।
सचिन पुत्र कांतिलाल कलाल ने 16 मार्च को यात्रा शुरू की थी। 16 अप्रैल को कुछ समय के लिए घर लौटने के बाद 27 अप्रैल को वे दोबारा साइकिल लेकर निकल पड़े। उन्होंने बताया कि आराम के दिनों को छोड़कर साइकिल चलाने वाले कुल 232 दिन रहे। इस दौरान उन्होंने केरल को छोड़कर दक्षिण भारत के सभी राज्यों का भ्रमण किया। नॉर्थ-ईस्ट में असम से होते हुए अरुणाचल प्रदेश के तवांग तक पहुंचे।
यात्रा के दौरान सचिन ने बद्रीनाथ, द्वारकाधीश, रामेश्वरम और जगन्नाथ पुरी सहित चार धाम के दर्शन किए। इसके अलावा 12 ज्योतिर्लिंगों, नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, शिरडी साईं बाबा, तिरुपति बालाजी, काशी विश्वनाथ और मां पावागढ़ काली के दर्शन भी किए।
सफर की चुनौतियों को लेकर सचिन ने बताया कि कई बार रात बिताने के लिए जगह मिलने में परेशानी हुई। ऐसे में रास्ते में मिलने वाले पेट्रोल पंप काफी मददगार साबित हुए। उनका कहना है कि समस्याएं आती हैं तो उनके समाधान भी निकलते हैं।
11 नवंबर को जब सचिन अपने गांव चिड़ियावासा लौटे तो ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दो जेसीबी मशीनों से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। 232 दिनों की इस यात्रा को पूरा करने पर परिवार और गांव में उत्साह का माहौल रहा।