साध्वी प्रेम बाईसा मौत का मामला:सचिन पायलट ने की पारदर्शी जांच की मांग
उदयपुर 2 फ़रवरी 2026। जोधपुर में तीन दिन पहले हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले पर पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी है। पायलट ने कहा कि सरकार को इस मामले में कुछ भी छिपाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसकी खुली और पारदर्शी जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए या जिसके खिलाफ प्रमाण मिलें, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सचिन पायलट रविवार को उदयपुर दौरे पर रहे। वे सुबह करीब आठ बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से सीधे उदयपुर के भुवाणा क्षेत्र में पीसीसी मेंबर दुर्गासिंह राठौड़ के पिता के निधन पर शोक जताने उनके निवास पहुंचे। इसके बाद पायलट राजसमंद के नाथद्वारा के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता देवकीनंदन गुर्जर के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने केंद्र सरकार के बजट पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बजट केवल गुणा-भाग का खाता नहीं होता, बल्कि यह सरकार की मंशा जाहिर करने का जरिया होता है। इतने वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार का ध्यान उन मुद्दों पर केंद्रित है, जो धरातल पर प्रभावी नहीं हैं। अब गांवों में क्या काम होगा, यह भी दिल्ली से तय किया जा रहा है।
पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार निर्णय लेने की शक्ति खत्म कर राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने जिद के साथ तीन काले कानून बनाए थे, जिन्हें आखिरकार वापस लेना पड़ा। अब नरेगा से भी महात्मा गांधी जी का नाम हटा दिया गया है।
सचिन पायलट ने उम्मीद जताई कि सरकार युवाओं की बेरोजगारी दूर करने और मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाएगी, जो अब तक नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश के आम लोग आज भी सरकार की योजनाओं से सीधे तौर पर प्रभावित होते हैं, ऐसे में नीतियों का लाभ जमीन पर दिखना जरूरी है।
#SachinPilot #SadhviPremBaisa #TransparentInvestigation #UnionBudget #RajasthanPolitics #UdaipurNews #JodhpurNews #YouthUnemployment #CongressParty
