सज्जनगढ़ लॉयन सफारी की शेरनी सुनैना हीट स्ट्रोक की चपेट में
पर्यटकों के लिए फिलहाल केवल सम्राट उपलब्ध
उदयपुर 29 मई 2026 - सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य की लॉयन सफारी में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रही 5 वर्षीय शेरनी सुनैना हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गई है। पिछले चार से पांच दिनों से उसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे सफारी एनक्लोजर में नहीं छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में पर्यटकों के लिए केवल नर शेर सम्राट को ही छोड़ा जा रहा है।
वन संरक्षक (डीएफओ) यादवेंद्र सिंह चुंडावत ने बताया, "20 हेक्टेयर में फैली लॉयन सफारी का क्षेत्र खुला और पहाड़ी है। यहां तेज गर्मी और गर्म हवाओं का सीधा असर रहता है। इसी वजह से शेरनी की तबीयत खराब हुई है। उसकी बीमारी की रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेज दी गई है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।"
वन अधिकारियों के अनुसार 23 मई को नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान सुनैना ने अपनी सामान्य खुराक नहीं ली। अगले दिन वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु व्यास द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में उसकी हृदय गति और श्वसन दर असामान्य पाई गई। जांच में उसके शरीर का तापमान 106.3 डिग्री फारेनहाइट दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक था।
स्थिति को देखते हुए मेडिकल टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। शेरनी को फ्लूड चढ़ाया गया तथा बुखार कम करने के लिए एंटीपायरेटिक दवाएं दी गईं। इसके अलावा एंटीबायोटिक, एंटासिड और मल्टीविटामिन इंजेक्शन भी लगाए गए। उपचार के बाद उसका तापमान घटकर 100.8 डिग्री फारेनहाइट पर आ गया, जो सामान्य श्रेणी में है। हालांकि उसकी भूख अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
इधर नौतपा के दौरान गुरुवार को मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 41.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बावजूद दिन और रात का तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक बना रहा।
वन विभाग की टीम सुनैना की सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है और उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
#Udaipur #Sajjangarh #LionSafari #Sunaina #UdaipurNews #RajasthanNews #WildlifeNews #SajjangarhWildlifeSanctuary #HeatStroke #UdaipurTourism #RajasthanWildlife #BreakingNews #UdaipurUpdates #NatureNews #RajasthanTourism #UdaipurLocalNews #Mewar #WildlifeConservation
