राजसमंद में सखी सावन मेला 16 अगस्त को, विधायक ने पोस्टर का विमोचन किया
Udaipur Times, Rajasmand News: किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा रविवार 16 अगस्त 2026 को भिक्षु निलयम में आयोजित होने वाले "सखी सावन मेला" की तैयारियों के संबंध में विधायक कार्यालय राजसमंद में महिलाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी की उपस्थिति में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया।
बैठक में मेले की संपूर्ण रूपरेखा, विभिन्न गतिविधियों, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा दायित्वों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने बताया कि यह आयोजन सावन की सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक समरसता तथा महिला सशक्तिकरण को समर्पित होगा।
बैठक के दौरान कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, भव्य एवं यादगार बनाने के लिए उपयोगी सुझाव साझा किए गए। बैठक में उपस्थित सभी महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ अपने विचार रखे तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि मेले में मेहंदी, पारंपरिक श्रृंगार, झूला सज्जा, लोकगीत-लोकनृत्य, मनोरंजक प्रतियोगिताएँ, लकी ड्रॉ, घरेलू उत्पादों की स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजन तथा सेल्फी ज़ोन सहित अनेक आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनकी तैयारियों पर भी बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में श्वेता व्यास, मनीषा माहेश्वरी, टीना सेन, मनीषा कच्छारा, पुष्पा पालीवाल, इंद्रा देवी वैष्णव, मोनिका जोशी, पूजा बंग, लीलावती लड्ढा, जया माली, निरूपमा धारीवाल, सोनिया रेगर, बसंती व्यास, सोनिला अग्रवाल, चंदा देवपुरा, दिव्या निष्कलंक, ललिता पालीवाल, सीता राजपूत, भाग्यवंती साहू, नीतू पालीवाल सहित महिला कार्यकर्ता उपस्थित थी।
