Salumber: जिले में आवारा श्वानों पर नियंत्रण हेतु बैठक
कलेक्टर अवधेश मीना ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए
सलूंबर,12 नवम्बर 2025 । सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार आवारा श्वानों से उत्पन्न संकट एवं उससे निपटने के लिए आवश्यक कदमों पर जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकाय, पशु पालन विभाग,चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि आवारा श्वानों से आमजन को हो रही परेशानी तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
कलेक्टर ने नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से डॉग कैचिंग अभियान चलाया जाए तथा पकड़े गए श्वानों का टीकाकरण सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पशु चिकित्सा विभाग आवारा श्वानों के लिए टीकाकरण शिविर आयोजित करे ताकि रेबीज जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम हो सके।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सरकारी अस्पतालों में रेबीज वैक्सीन और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्कूलों में बच्चों को आवारा श्वानों से बचाव के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएँ।
कलेक्टर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा इस विषय में तैयार की गई कार्ययोजना की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं को गौ शाला में ले जाया जाए एवं रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए जिससे रात के समय वाहन से दुर्घटना ना हो।
कलेक्टर ने कहा कि एक टोल फ्री नंबर जारी करने के निर्देश दिए जिससे आवारा पशुओं की जानकारी साझा की जा सके, एवं हाइवे पर दुर्घटनाओं को कम करने हेतु पेट्रोलिंग यूनिट की स्थापना करने एवं एम्बुलेंस हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ दिनेश रॉय सापेला ने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी को इस संबंध में नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया हे जिन्हें सभी विभागों की प्रगति एवं बैठक कर रिपोर्ट जिला स्तर पर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक उपखंड स्तरीय अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से वीसी कक्ष से जुड़कर विभागों की जिम्मेदारियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
