निम्बाहेड़ा दशहरा मेले में सपना चौधरी का शो रद्द

डोम गिरने से बड़ा हादसा टला

 | 
Sapna Choudhary show cancelled

चित्तौड़गढ 30 सितंबर 2025। ज़िले के निम्बाहेड़ा में आयोजित राष्ट्रीय दशहरा मेले में बीती रात डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में एक बड़ा हादसा टल गया। 

सपना की प्रस्तुति शुरू होने के दौरान ही डोम नीचे गिर गया, सैकड़ों दर्शक डोम के स्ट्रक्चर पर चढे हुए थे, हादसे में किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन सपना चौधरी के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। 

सोमवार को मेले का आठवां दिन था। सपना चौधरी को कार्यक्रम के कारण आम दिनों से ज्यादा भीड़ थी। कार्यक्रम को लेकर मेले में तीन डोम बनाए गए थे। आधी रात में सपना चौधरी की स्टेज पर एंट्री को देखने के लिए कुछ लोग डोम के साइड में पोल को पकड़कर खड़े थे। कुछ लोग डोम के ऊपर भी बैठे थे। 

सपना की प्रस्तुति शुरू होने के कुछ ही मिनट में डोम का एक  हिस्सा गिर गया। हादसे के तुरंत बाद कार्यक्रम को रुकवा दिया गया। आनन-फानन में सपना चौधरी को तुरंत स्टेज से उतारा गया। साथ ही लोगों को शांति से मेले से बाहर जाने की अपील की गई। 

हादसे के तुरंत बाद कुछ देर के लिये अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन सपना चौधरी के कार्यक्रम को रद्द करने से दर्शक मायूस होकर लौट गये।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News