तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आए तीन युवक, एक की मौत
खेरवाड़ा-बावलवाड़ा मार्ग पर हादसे के बाद बस बिजली के खंभे से टकराकर खेत में घुसी, दो युवक गंभीर; ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगाया जाम।
Udaipur Times News, Accident News, उदयपुर 17 जून 2026 - जिले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खेरवाड़ा-बावलवाड़ा मार्ग पर उस समय हुआ जब तीन युवक सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बावलवाड़ा की ओर से आ रही एक निजी विद्या निकेतन स्कूल बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवकों को कुचलने के बाद बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और एक बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी। Road Accident
हादसे में 19 वर्षीय नीलेश पुत्र नानालाल पटेल निवासी पटेलवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रेमल (30) पुत्र सोमराज गरासिया और गिरधर (29) पुत्र दिनेश गरासिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए डूंगरपुर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बावलवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों और मृतक के परिजन बस चालक की गिरफ्तारी तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। Crime News
स्थिति को देखते हुए खेरवाड़ा, बावलवाड़ा और पहाड़ा थाना पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर तैनात किया गया। खेरवाड़ा एसडीएम जयसिंह, डीएसपी राजीव राहर और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाइश के प्रयास किए। Udaipur News
जानकारी के अनुसार बस में सवार लोग उदयपुर में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों और विशेष रूप से महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
#UdaipurNews #RoadAccident #AccidentNews #BreakingNews #RajasthanNews #CrimeNews #SchoolBusAccident #Kherwara #Bawalwara #Dungarpur #UdaipurTimes
