जर्जर भवन की हालत से स्कूल में नामांकन घटा, शिक्षक परेशान

कोटड़ा के महाडी बहुरिया गांव के स्कूल के हालात 

 | 
Kotda school

उदयपुर 6 अगस्त 2025 । ज़िले के कोटड़ा क्षेत्र के महाडी बहुरिया गांव के एक राजकीय विद्यालय की जर्जर हालत के कारण न केवल छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि नामांकन में भी गिरावट दर्ज की गई है। विद्यालय में पढ़ा रहे शिक्षक अरविंद ने बताया कि भवन की खस्ता हालत की वजह से अभिभावक बच्चों का नामांकन कराने से कतराने लगे हैं। जहां पहले विद्यालय में 225 छात्र नामांकित थे, अब यह संख्या घटकर 190 रह गई है।

kotda school

शिक्षक अरविंद के अनुसार, यह विद्यालय वर्ष 2021-22 में प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत हुआ था। तब से लगातार अतिरिक्त कमरों की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई है। वर्तमान में केवल दो कमरों में सभी कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं, जिससे शिक्षण व्यवस्था बाधित हो रही है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय की जर्जर स्थिति की जानकारी पहले भी कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय अभिभावक अब जल्द से जल्द भवन की मरम्मत और कक्षाओं के लिए अतिरिक्त कमरे आवंटित करने की मांग कर रहे हैं।