रानी रोड पर विद्युत पोल के तारों में आग देख महापौर पारस सिंघवी ने तत्काल लिया संज्ञान
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने आमजन की सुरक्षा एवं शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए रानी रोड पर विद्युत तारों में आग लगने की घटना पर तत्काल संज्ञान लिया तथा मौके पर रुककर स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महापौर पारस सिंघवी अपने सहयोगी पार्षद वैभव भंडारी के साथ परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान फतहसागर झील किनारे रानी रोड पर रोड लाइट के विद्युत पोल के समीप विद्युत तारों में दो-तीन स्थानों पर आग लगी हुई दिखाई दी।
घटना को देखते हुए महापौर ने बिना देर किए अपना वाहन रुकवाया और तत्काल संबंधित विभागों को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
उन्होंने विद्युत विभाग (आरएसईबी), पुलिस विभाग एवं नगर निगम के दमकल विभाग को फोन कर घटना की जानकारी दी तथा तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आग की घटना से आसपास गुजरने वाले लोगों एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हो, इसको ध्यान में रखते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर निगरानी रखी तथा संबंधित टीमों के पहुंचने तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाने में सहयोग किया।
महापौर पारस सिंघवी ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से आग पर नियंत्रण करने तथा विद्युत व्यवस्था की जांच कर संभावित खतरे को दूर करने के निर्देश दिए। उनके त्वरित हस्तक्षेप से संबंधित विभागों को समय रहते सूचना मिली और राहत एवं सुरक्षा कार्य प्रारंभ करने में मदद मिली।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि कहीं भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति दिखाई देने पर तत्काल संज्ञान लेकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए ।