NSUI के विरोध के चलते तुर्किये कलाकार को शो रद्द करना पड़ा

वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2026 
 | 

उदयपुर 9 फ़रवरी 2026। वेदांता उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल में तुर्किये की मशहूर सिंगर सेलिन सुंबुलटेपे के कार्यक्रम को लेकर NSUI ने विरोध जताया। विरोध के चलते आयोजकों ने शो शुरू होने से करीब 30 मिनट पहले ही कार्यक्रम को रद्द कर दिया।

NSUI  कार्यकर्ताओं का कहना था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये द्वारा पाकिस्तान का समर्थन किया गया था, ऐसे में तुर्किये के कलाकारों को मंच देना गलत है। इसी मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर करीब 2 बजे कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया और एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपा।

शाम को गांधी ग्राउंड में भी कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर कार्यक्रम के प्रवेश द्वार पर नारेबाजी की। बढ़ते विरोध को देखते हुए आयोजकों ने शाम 7 बजे होने वाले शो को रद्द करने का निर्णय लिया।

NSUI जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के आयोजकों ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में तुर्किये के कलाकारों के साथ किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

वहीं NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित नायक ने कहा कि तुर्किये के कलाकारों को बुलाना और उन्हें महाराणा प्रताप की पवित्र धरती पर मंच देना पूरी तरह गलत है।

गौरतलब है कि सेलिन सुंबुलटेपे तुर्किये की प्रसिद्ध सिंगर हैं, जो अपने फ्यूजन फोक-पॉप गीतों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में ‘हेमहाल’ नाम का एल्बम रिलीज किया था, जिसमें लेबनान के मशहूर सिंगर जैद हमदान के साथ काम किया गया था। ‘हेमहाल’ तुर्किये के साउथ-ईस्ट में स्थित हाटे शहर से प्रेरित है, जिसे 2023 के भूकंप में भारी नुकसान हुआ था।

इसके अलावा 2025 में सेलिन सुंबुलटेपे को एआरटीई ट्रैक्स ईस्ट नाम की एक डॉक्यूमेंट्री में भी दिखाया गया था, जिसमें तुर्किये के राजनीतिक और सामाजिक माहौल पर चर्चा की गई थी।