राजसमंद में अनक्लेम्ड वित्तीय संपत्तियों के निपटान हेतु मेगा कैम्प

राजसमंद ज़िले से संबंधित अन्य खबरे पढ़े Udaipur Times पर
 | 

अनक्लेम्ड वित्तीय संपत्तियों के निपटान हेतु मेगा कैम्प 

राजसमंद 28 नवंबर। दावा रहित वित्तीय संपत्तियों (अनक्लेम्ड वित्तीय संपत्तियों) के त्वरित एवं सुगम निपटान के उद्देश्य से आज 28 नवंबर, शुक्रवार को भीलवाडा रोड स्थित होटल स्काईलैंड में मेगा कैम्प का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम का समय प्रातः 10:30 बजे निर्धारित है।

अग्रणी जिला प्रबंधक जीनगर ने बताया कि कैंप का शुभारंभ जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, एलआईसी, नाबार्ड, सेबी, इरडा, एसबीआई लाइफ सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और राज्य सरकार के अधिकारी भाग लेंगे।

मेगा कैम्प का मुख्य उद्देश्य आमजन को दावा रहित वित्तीय संपत्तियों के क्लेम निपटान की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना तथा संबंधित संस्थानों के माध्यम से वहीं पर क्लेम समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस मौके पर नागरिकों को बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, शेयर, डीमैट, पीएफ, पेंशन आदि से जुड़े अनक्लेम्ड एसेट्स के समाधान हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन, जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं और सभी संबंधित हितधारकों से इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आह्वान किया है।

मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजसमंद, 28 नवंबर। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) उदयपुर द्वारा गायत्री शक्तिपीठ, राजसमंद के सभागार में 26 नवंबर से तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। “भारत का गणतंत्र – एक सुनहरी यात्रा”, वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष तथा भारतीय संविधान की 75 वर्ष की यात्रा विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी के दूसरे दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।

सीबीसी के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक दीपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि विभाग द्वारा समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित योजनाओं से लोगों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन आ रहे हैं। उन्होंने पालनहार योजना, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना, छात्रावास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तथा पुनर्वास गृह योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी।

इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर मनीषा चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। चिकित्सा विभाग के एमसीडी काउंसलर विनोद पुरोहित ने नशा मुक्ति एवं गैर-संचारी रोगों पर जानकारी प्रदान की। महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक रंजना व्यास एवं मधु दाधीच ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी साझा की।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन डाक विभाग उदयपुर के प्रवर अधीक्षक अक्षय भानुदास गाड़ेकर ने अपने दल के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पूर्व स्कूली विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा, गांधी सेवा सदन के निदेशक डॉ. महेंद्र कर्णावत, रवि योगी एवं नरेश कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर प्रदर्शनी स्थल तक पहुँची।

प्रदर्शनी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, डाक, महिला अधिकारिता, ग्राम विकास, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। एलईडी स्क्रीन एवं अन्य आधुनिक माध्यमों से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मोशन गेम्स, संविधान सेल्फी प्वाइंट जैसी आकर्षक सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं।

मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में वंदे मातरम गीत, खेलो इंडिया नीति 2025, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, ज्ञान भारतम् मिशन, रोजगार मेला एवं कौशल विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0, डिजिटल इंडिया, भारत की सेमीकंडक्टर क्रांति, प्रधानमंत्री गति शक्ति, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित पैनल प्रदर्शित किए गए हैं।

प्रदर्शनी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान म्यूजिकल चेयर, मौखिक प्रश्नोत्तरी एवं पुश-अप प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। पाली के लीला देवी तेराताली पार्टी के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। यह प्रदर्शनी 28 नवंबर 2025 को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली है।

आमेट ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालय का किया निरीक्षण

राजसमंद 28 नवंबर। आर्थिक एवं सांख्यिकी उप निदेशक डॉ. पीयूष कुमार भंडारी ने ब्लॉक सांख्यिकी कार्यालय आमेट का निरीक्षण किया और विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-फाइल क्रियान्वयन, जन आधार योजना, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, मुख्यमंत्री ई-ग्राम परियोजना, आय-व्यय लेखे, विभागीय प्रकाशन, संस्था आधार और अन्य विभागीय कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने जन आधार पंजीयन एवं संशोधन से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान, तथा सांख्यिकीय डेटा के विश्लेषणात्मक परिणामों को संबंधित विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार लाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप निदेशक ने आमेट नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (स्वास्थ्य) कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रगणक राहुल सिसोदिया को सर्वे के दौरान सटीक जानकारी एवं पूर्ण सहयोग प्रदान करें। संगणक सोनू मेवाड़ा और कनिष्ठ सहायक अमित ने विभागीय कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति से उप निदेशक को अवगत कराया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal