पिछोला मे समा रहा सिवरेज दूषित कर रहा पेयजल को

झील प्रेमियों ने इसे झील पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया है

 | 
sewarage water mixed in pichola

उदयपुर 20 मार्च 2023। विगत दो दिनों से पिछोला मे प्रति घंटे हजारों लीटर सिवरेज समा रहा है। झील प्रेमियों ने इसे झील पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया है। रविवार को झील दौरे मे ब्रह्मपोल, अम्बामाता क्षेत्र मे तीन स्थानो पर भारी मात्रा मे मल मूत्र व गंदा पानी झील मे जाता हुआ मिला।

दौरे मे सम्मिलित डॉ अनिल मेहता, तेज शंकर पालीवाल, नंद किशोर शर्मा, द्रुपद सिंह ने बताया कि पॉलीथीन प्लास्टिक कचरे के लाइनो मे फंस जाने व कई स्थानो पर खुली नालियों को सिवरेज लाइनो से जोड़ देने के कारण यह गंभीर स्थिति बनी है।

झील प्रेमियों ने कहा कि सिवरेज प्रणाली केवल घरेलू गंदे पानी, मल मूत्र  के लिए बनी हुई है। सड़कों की खुली नालियों के इसमे जुड़ जाने के कारण गत दो दिन की बरसात का पानी सिवरेज लाइनों मे प्रवेश कर गया। इससे सड़कों का कचरा, पॉलीथीन इत्यादि का भी लाइनो मे प्रवेश हुआ और लाईन चोक हो गई।

ब्रह्मपोल बाहर सिवरेज चैंबर तो बरसाती पानी के प्रवाह वेग से टूट ही गया है और गंदा पानी झील मे जा रहा है। झील प्रेमियों ने निगम से नियमित आधार पर लाइनो के संधारन का आग्रह किया। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News