डबोक में स्लीपर बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर

हादसे में कंडक्टर गंभीर घायल, दोनों चालक मौके से फरार

 | 
accident

उदयपुर ,17 अप्रैल 2026 - डबोक थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात स्लीपर बस और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा तुलसीदास जी की सराय स्थित शाश्वत धाम कट पर रात करीब 12 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन इंजन से अलग होकर हाईवे के बीच जा गिरा, जबकि बस के पिछले टायर निकलने से वह अनियंत्रित होकर नाले में फंस गई। हादसे के समय बस में केवल दो यात्री सवार थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर और दांतों पर चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निजी स्लीपर बस सर्विस रोड से नेशनल हाईवे पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस चालक ने बिना पीछे देखे राइट टर्न लिया, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर बस से जा टकराया।

थानाधिकारी गोपालनाथ के अनुसार टक्कर के बाद का मंजर बेहद भयावह था। ट्रेलर का केबिन उखड़कर हाईवे के बीच जा गिरा, जबकि ट्रेलर का पिछला हिस्सा सर्विस रोड की ओर चला गया। हादसे के तुरंत बाद बस और ट्रेलर दोनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालकों की तलाश जारी है।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Dabok #RoadAccident #HighwayAccident #BreakingNews #IndiaNews #LocalNews #UdaipurAccident #TrafficNews #RoadSafety

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News