राज्यसभा चुनाव- सोनिया गाँधी ने राजस्थान से दाखिल किया नामांकन


राज्यसभा चुनाव- सोनिया गाँधी ने राजस्थान से दाखिल किया नामांकन

आज जयपुर पहुँच कर दाखिल किया अपना नामांकन

 
sonia gandhi

आगामी 27 फ़रवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नेता सोनिया गाँधी ने आज बुधवार को जयपुर से नामांकन दाखिल किया। पार्टी ने उन्हें कल बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया था। सोनिया गाँधी जयपुर पहुंची और अपना नामांकन दाखिल किया। वे निर्विरोध चुनी जाएंगी। सोनिया के साथ राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी भी मौजूद थे।

27 फरवरी को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को भाजपा ने 5 और कांग्रेस ने 4 कैंडिडेट के नाम घोषित किए। भाजपा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से उतारा है। उन्हें BJD का समर्थन मिला है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को कैंडिडेट बनाया गया है।

वहीं कांग्रेस ने भी राज्यसभा के लिए अपनी पहली लिस्ट जारी की। इसमें सोनिया गांधी को राजस्थान से प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई। इसके अलावा अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश, डॉ. आखिलेश प्रसाद सिंह को बिहार और चंद्रकांत हंडोरे को महाराष्ट्र से प्रत्याशी बनाया गया।

इससे पहले भाजपा ने रविवार (11 फरवरी) को 7 राज्यों से 14 लोगों के नाम की घोषणा की थी। इनमें उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से भाजपा में आए आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा से सुभाष बराला, बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह का नाम लिस्ट में शामिल है।

राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को ही रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal