Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर जिले के कोटड़ा उपखंड की मंडवाल पंचायत में चुनाव के बाद विजयी सरपंच को घर ले जा रही पुलिस पार्टी के वाहनों पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना में पुलिस की बोलेरो और पुलिसकर्मियों को ले जाने वाली बस के शीशे टूट गए। मामले में करीब 15 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ड्यूटी पर तैनात एएसआई चन्द्रदीप परमार ने रिपोर्ट में बताया कि घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। पंचायत चुनाव में जीत के बाद सरपंच करण कुमार कागवा को पुलिस मोबाइल पार्टी की बोलेरो से घर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में करीब 30 से 40 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और बोलेरो पर पथराव शुरू कर दिया।
आरोप है कि लोगों ने पुलिस मोबाइल पार्टी की बोलेरो और पुलिसकर्मियों को ले जाने वाली बस पर पत्थर मारकर सभी शीशे तोड़ दिए। इस दौरान पुलिस पार्टी के सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
912 मतों से जीते थे करण कुमार कागवा
जानकारी के अनुसार, मंडवाल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 60, 61 और 62 पर सरपंच एवं वार्ड पंच पद के लिए मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम में करण कुमार पुत्र रमेश चंद्र कागवा ने 912 मतों से जीत दर्ज की थी।
आरोप है कि परिणाम आने के बाद रात करीब 10:30 बजे पराजित प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी को मतदान केंद्र से बाहर नहीं निकलने दिया। बाद में पुलिस उन्हें सुरक्षा के बीच घर ले जा रही थी, तभी वाहनों पर पथराव किया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर विजयी सरपंच को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया।