MLSU में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल जारी

छात्र संगठनों का समर्थन, एबीवीपी और एनएसयूआई एक मंच पर

 | 
MLSU

उदयपुर, 10 जनवरी 2025 ।  मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल अब भी जारी है, जिससे विश्वविद्यालय का कार्यकाज पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में दोनों प्रमुख छात्र संगठन, एबीवीपी और एनएसयूआई, एक मंच पर दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार को इन छात्र संगठनों ने कुलपति डॉ सुनीता मिश्रा का पुतला दहन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

इससे पहले, संविदा कर्मचारियों और छात्र संगठनों ने मिलकर एक विशाल शव यात्रा निकाली और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। नॉन-टीचिंग स्टाफ, जो स्थाई रूप से विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं, ने भी संविदा कर्मचारियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया और कहा कि विश्वविद्यालय में कामकाज ठप पड़ा है, लेकिन प्रशासन पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है। 

MLSU

राजस्थान विद्यापीठ और कुल कर्मचारी संघ ने भी संविदा कर्मचारियों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। कर्मचारी संघ ने कहा कि कई वर्षों से वे संविदा कर्मचारियों के सेवा विस्तार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मुद्दे का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्थान विद्यापीठ कर्मचारी संगठन हमेशा संविदा कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय के छात्रों को भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थायी कर्मचारियों के समर्थन से विश्वविद्यालय का कार्यकाज पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे छात्रों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि इस प्रकार के हालात से छात्र हितों को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है, और अगर यह स्थिति जारी रही, तो विश्वविद्यालय प्रशासन को इस मुद्दे पर शीघ्र कोई ठोस कदम उठाना होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News