औरंगजेब को लेकर कुलगुरु के बयान पर भड़के छात्र
प्रशासनिक भवन में तोड़फोड़, टायर जलाकर छात्रों ने जताया विरोध
उदयपुर 15 सितंबर 2025। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रोफेसर सुनीता मिश्रा द्वारा मुगल शासक औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताने वाले बयान के बाद छात्र विरोध प्रदर्शन में उतर आए हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में प्रवेश कर नारेबाजी की और दरवाजे के कांच तोड़ दिए। इसके साथ ही उन्होंने टायर जलाकर हंगामा भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

यह विवाद 12 सितंबर को तब शुरू हुआ जब वीसी ने एक सेमिनार में ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली: विकसित भारत 2047 के लिए रोडमैप’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कहा था कि इतिहास के दृष्टिकोण से कई अच्छे राजा-महाराजाओं के साथ-साथ कुछ ऐसे शासक भी थे, जैसे औरंगजेब, जो कुशल प्रशासक थे। इस बयान को लेकर मेवाड़ क्षेत्र में विरोध तेज हो गया।
छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों में से एक को कॉलेज से निष्कासित किए जाने का आदेश जारी किया गया था, जिससे छात्रों में और भी आक्रोश बढ़ गया।
इस बीच कुलगुरु सुनीता मिश्रा ने अपने बयान पर माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका वक्तव्य गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था। प्रो. मिश्रा ने कहा कि भाषा की असमंजसता के कारण उनका मंतव्य पूरी तरह से समझा नहीं गया, इसलिए यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुँची हो तो वे क्षमा प्रार्थी हैं।
वर्तमान में मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण समाधान के लिए कदम उठाए हैं, ताकि विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षा व्यवस्था बाधित न हो।
#Udaipur #SukhadiaUniversity #AurangzebRemark #ABVP #StudentProtest #SunitaMishra #UniversityNews #RajasthanPolitics #CampusUnrest #UdaipurTimes
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
