मीरा गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं ने कॉलेज गेट बंद कर किया विरोध
मुख्य गेट पर ताला, पुलिस ने दो छात्राओं को को लिया हिरासत में
उदयपुर 11 फरवरी 2026 - मीरा गर्ल्स कॉलेज में पिछले एक सप्ताह से चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कुछ छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर हाथीपोल थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और छात्राओं से समझाइश की। काफी देर तक पुलिस और छात्राओं के बीच बहस चलती रही, लेकिन छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दो छात्राओं को हिरासत में लिया और उन्हें जीप में बैठाकर थाने ले गई। हालांकि करीब आधे घंटे बाद दोनों को पाबंद कर छोड़ दिया गया। हिरासत में ली गई छात्राओं की पहचान दिया सालवी और रितिका सालवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कॉलेज में आयोजित स्कूटी वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हुई थी।
मामला बढ़ने पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल माहेश्वरी को एपीओ कर जयपुर मुख्यालय भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद कॉलेज की छात्राएं दो गुटों में बंट गई हैं। एक गुट प्रिंसिपल को बेगुनाह बताते हुए उनके समर्थन में प्रदर्शन कर रहा है, जबकि दूसरा गुट प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहरा रहा है। बुधवार को छात्राओं ने आरोप लगाया कि वे कॉलेज के रिजल्ट और कैंपस के माहौल को लेकर चर्चा करना चाहती थीं।
उनका कहना है कि उनका किसी भी राजनीतिक संगठन से कोई संबंध नहीं है और वे राजनीति नहीं कर रहीं। छात्रा दिया सालवी ने पुलिस और कॉलेज प्रशासन के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि गेट पर ताला इसलिए लगाया गया था ताकि बातचीत पूरी होने से पहले छात्राएं वहां से न चली जाएं। फिलहाल कॉलेज परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रशासन मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास में जुटा है।
#Udaipur #MiraGirlsCollege #StudentProtest #CollegeNews #RajasthanNews #ABVP #EducationNews #CampusTension #PoliceAction #UdaipurUpdates #StudentUnrest
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
