MLSU विवाद- VC सुनीता मिश्रा ने विश्वराज सिंह मेवाड़ को भेजा माफीनामा

विश्वराज सिंह मेवाड़ ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया:इस प्रकार के बयानों को आखिर कब तक माफ किया जाए।
 | 

उदयपुर, 18 सितंबर 2025।  मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कुलगुरु प्रोफेसर सुनीता मिश्रा ने अपने विवादित बयान को लेकर महाराणा प्रताप के वंशज और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ को लिखित माफीनामा भेजा है।

माफीनामा मिलने के बाद विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लोगों से पूछा कि इतिहास पर हो रहे इस प्रकार के बयानों को आखिर कब तक माफ किया जाए।

प्रोफेसर सुनीता मिश्रा ने पत्र में लिखा कि हाल ही एक अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में दिए गए उनके बयान से राजस्थान, मेवाड़ और विशेषकर राजपूत समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि वीरों की इस धरती पर किसी का अपमान करना उनकी मंशा नहीं थी। उन्होंने महाराणा प्रताप के वंशज महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ से विशेष रूप से क्षमा मांगी है।

इससे पहले कुलगुरु ने एक वीडियो जारी कर भी अपने बयान पर माफी मांगी थी।

विवाद 12 सितंबर को यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ, जब प्रोफेसर मिश्रा ने कहा कि ऐतिहासिक दृष्टिकोण से हम महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और अकबर जैसे कई राजा-महाराजाओं के बारे में सुनते हैं। इनमें कुछ औरंगजेब जैसे कुशल प्रशासक भी थे।

विवाद बढ़ने पर कुलगुरु ने सफाई दी कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने औरंगजेब की प्रशंसा नहीं की थी। उन्होंने यह भी कहा कि वे मूलतः अहिंदी भाषी हैं, जिसके कारण भाषा संबंधी असमंजस हो सकता है। यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे क्षमा चाहती हैं।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal