खेल मैदान न होने से दम तोड़ रही युवा खेल प्रतिभाएं

युवाओं ने जिला कलेक्टर को सौपा ज्ञापन

 | 
khel maidan gyapan

प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान बनाकर खेल प्रतिभाओं को संवारने के लाख दावे किए जाते हो लेकिन उदयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति इसके विपरित है। लेकिन हर सरकार अपने बजट में करोड़ों की घोषणाएं कर ग्रामीणों को लुभाने के दावे जरूर करती है।  

खेल मैदान बनाने की ऐसी ही मांग को लेकर गुरूवार को मावली तहसील के मेड़ता पंचायत के युवा उदयपुर जिला कलेक्ट्री पहुचेे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के खेल मैदान की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया।  

विभिन्न खेलों में प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ियों ने बताया कि खेल मैदान के अभाव में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र में कोई ऐसा खुला मैदान भी नहीं है, जहां सुबह-शाम युवा अभ्यास कर सकें। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं भी पलायन को विवश हैं।

खेल से जुड़े जानकारों का कहना है कि क्षेत्र में अनेक खेल प्रतिभाएं छुपी हुई हैं। उनको तलाश कर तराशने की जरूरत है। दुर्भाग्य से क्षेत्र में खेल सुविधाएं तो दूर की बात अभ्यास के लिए ढंग का मैदान नहीं है। क्षेत्र में एक से बढ़कर एक खेल प्रतिभाएं हैं लेकिन संसाधनों के अभाव और आर्थिक तंगी से ये प्रतिभाएं अपना दम दिखाने से पहले ही दम तोड़ देती हैं। युवाओं ने जिला प्रशासन से जल्द खेल मैदान बनाने की मांग की है।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News