राजस्थान मे टेक्सटाइल, डेटा सेंटर को मिलेगा फ्लेक्सिबेल लैंड पेमेंट मॉडल का फायदा
Udaipur Times, Rajasthan News: RIICO ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य में टेक्सटाइल एवं अपैरल, हस्तशिल्प और फूड प्रोसेसिंग जैसे विशेष क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिये RIICO के फ्लेक्सिबल लैंड पेमेंट मॉडल के अंतर्गत अब टेक्सटाइल एवं अपैरल, हस्तशिल्प, एग्रो एवं मिल्क प्रोसेसिंग, फूड प्रोसेसिंग, वूल (ऊन) प्रोसेसिंग, सेरेमिक्स एवं ग्लास, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, पेट्रोकेमिकल उत्पाद तथा डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों को भी भूखण्ड की राशि के भुगतान हेतु 10 वर्षों की किश्त सुविधा प्रदान की जायेगी।
RIICO द्वारा पूर्व में लॉजिस्टिक्स, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी (RVSF), सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस एंड डिफेंस तथा वेस्ट प्रोसेसिंग एवं रीसाइक्लिंग क्षेत्रों के लिए फ्लेक्सिबल लैंड पेमेंट मॉडल की सुविधा प्रदान की गई थी।
फ्लेक्सिबल लैंड पेमेंट मॉडल के अंतर्गत, आवंटित भूमि के प्रीमियम की 10% राशि, जिसमें आवेदन के साथ जमा 5% EMD राशि समायोजित की जाती है, लेटर ऑफ ऑफर जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर जमा कराना होता है। शेष 90% प्रीमियम राशि का भुगतान 10 वर्षों की अवधि में 8.5% वार्षिक ब्याज दर के साथ वार्षिक किश्तों में किया जा सकता है।
राज्य सरकार द्वारा निवेश आकर्षित करने और नए औद्योगिक अवसर विकसित करने के उद्देश्य से राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी-2025, राजस्थान लॉजिस्टिक्स पॉलिसी-2025, राजस्थान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी-2025, राजस्थान व्हीकल स्क्रैपिंग पॉलिसी-2025 तथा राजस्थान एयरोस्पेस एवं डिफेंस पॉलिसी-2026 जैसी महत्वपूर्ण नीतियां लागू की गई हैं।
इन नीतियों का फायदा उठाते हुए निवेशक इन विशिष्ट क्षेत्रों में निवेश करने के लिये प्रोत्साहित हों, इसलिये फ्लेक्सिबल लैंड पेमेंट मॉडल में नए क्षेत्र जोड़े गये हैं। इससे राज्य में नए निवेश को आकर्षित करने, औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। यह पहल राजस्थान को उभरते हुए विशिष्ट औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में और मजबूत करेगी।
