मतदाता सूची से नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर विधायक ताराचंद जैन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका

 | 
Congress Protest Over Voter List Deletions in Udaipur

 उदयपुर 19 जनवरी 2026 - कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर विधायक ताराचंद जैन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में आरोप लगाया गया कि राजनीतिक द्वेष के चलते मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं और प्रशासनिक कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर चुनिंदा लोगों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विधायक द्वारा अनुचित हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने अधिकारों से किसी भी हाल में वंचित नहीं होने देंगे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची की पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ नहीं की गई और राजनीतिक दबाव में आकर नाम काटने की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में यथावत रखे जाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News