नगर निगम ने तीन प्रमुख स्थानों से हटाए अवैध झोंपड़े और अतिक्रमण
महापौर सिंघवी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
Udaipur TImes News , उदयपुर 18 नवंबर 2026 । नगर निगम उदयपुर द्वारा शहर की सुंदरता को बिगाड़ने वाले तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात और आमजन के आवागमन में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बुधवार को सख्त कार्रवाई की गई।
महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने वर्षों से सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर झोंपड़े बनाकर कब्जा जमाए बैठे लोगों को हटाया। कार्रवाई के दौरान शहर के तीन प्रमुख स्थानों से अवैध झोंपड़ों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
नगर निगम अतिक्रमण शाखा की टीम ने सर्वप्रथम मीरा गर्ल्स कॉलेज के सामने कार्रवाई करते हुए वहां लंबे समय से बनाए गए आठ अवैध झोंपड़ों को हटाया। इन झोंपड़ों के माध्यम से सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा कर रखा था। कई समय से यहां के स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायतें भी प्राप्त हो रही थी, जिसे हटाया गया। इसके पश्चात उदियापोल बस स्टैंड के बाहर केंद्रीय बस स्टेशन के पीछे कार्रवाई करते हुए चार झोंपड़ों को हटाया गया। Nagar Nigam Udaipur
इसी क्रम में फतह स्कूल के सामने फुटपाथ पर पूरी तरह कब्जा जमाकर बैठे लोगों को हटाकर फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया हैं कि शहर में किसी भी स्थिति में इस तरह के अवैध झोंपड़े और सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर अपनी ऐतिहासिक विरासत, सुंदरता और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए विश्वभर में पहचान रखता है। ऐसे में प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से झोंपड़े बनाकर कब्जा करना शहर की सुंदरता को प्रभावित करने के साथ आमजन के लिए भी परेशानी का कारण बनता है। Udaipur News
महापौर ने कहा कि प्रमुख मार्गों के किनारे इस प्रकार बनाए गए अस्थायी झोंपड़े दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं की आशंका को भी बढ़ाते हैं।
इनसे पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
लगातार जारी रहेगी कार्यवाही, हटेंगे फुटपाथ से अतिक्रमण।
महापौर पारस सिंघवी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उदयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर जारी रहेगा।