टूर गाइड प्रशिक्षण पायलट योजना में 10 हजार गाइड को मिलेगा प्रशिक्षण

राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
 
 | 

उदयपुर 4 अप्रैल 2026 । टूर गाइड प्रशिक्षण पायलट योजना के तहत वर्ष 2026 में 20 प्रमुख पर्यटक स्थलों पर 10,000 गाइडों के कौशलवर्धन के लिए पायलट योजना की घोषणा की गई है। यह प्रशिक्षण 12 सप्ताह का संरचित शैक्षणिक एवं फील्ड कार्यक्रम होगा, जो NSQF और NCRFसे संबद्ध होगा।  

राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया द्वारा पर्यटन मंत्रालय से कौशल विकास और चलो इंडिया पहल के संबध में पुछे गये राज्य सभा अतारांकित प्रश्न के उत्तर में पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान, भारतीय प्रबंधन संस्थान, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और अन्य हितधारकों के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।  

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चलो इंडिया ग्लोबल डायस्पोरा अभियान में प्रवासी भारतीयों को अपने मित्रों को भारत यात्रा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल शुरू की गई। इसका उद्देश्य भारत के पर्यटन स्थलों और उत्पादों को वैश्विक बाजार में बढ़ावा देना तथा वास्तविक पर्यटक आगमन में वृद्धि करना है। मंत्रालय भारतीय मिशनों, यात्रा व्यापार उद्योग और राज्य सरकारों के सहयोग से विदेशों में पर्यटन संवर्धन गतिविधियां संचालित करता है।  

पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी परिषद को उन्नत कर राष्ट्रीय आतिथ्य संस्थान स्थापित करने की घोषणा की गई है। पाठ्यक्रमों को वैश्विक रुझानों और उद्योग की मांग के अनुरूप समय-समय पर अपडेट किया जाता है।  

देखो अपना देश पीपुल्स चॉइस 2024 पहल 

7 मार्च 2024 को श्रीनगर में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की पसंदीदा पर्यटन स्थलों की पहचान करना था। छात्रों को पर्यटन शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु हस्तलिखित ब्रोशर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और अन्य गतिविधियाँ आयोजित की गईं। लगभग 2000 हस्तलिखित ब्रोशर तैयार किए गए और विजेता छात्रों को फरवरी 2026 में सम्मानित किया गया। पर्यटन शिक्षा एक्सपो 2026 के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में करियर अवसरों के बारे में जागरूक किया गया।  

#TourismIndia #TourGuideTraining #SkillDevelopmentIndia #ChaloIndia #UdaipurNews #RajasthanTourism #HospitalityCareers #TravelIndia #IncredibleIndia #TourismJobs #IndiaTourism #SkillIndia #StudyHospitality

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal