उदयपुर में दशहरा पर्व पर ट्रैफिक डायवर्जन, शाम 4 बजे से लागू रहेगी व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए उदयपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है
Udaipur Times News , Traffic Diversion, Dashera Celebration - उदयपुर अक्टूबर 2026 । शहर के महाराणा भूपाल स्टेडियम में 20 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए उदयपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। विशेष ट्रैफिक व्यवस्था शाम 4 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।
एडिशनल एसपी सिटी उदयपुर उमेश ओझा ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और जाम से बचने के लिए विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गुरु गोविंद सिंह स्कूल की तरफ से स्टेडियम में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हाथीपोल से चेतक की ओर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। Festivals of India
चेतक से पहाड़ी बस स्टैंड की ओर मेले में आने वाले दोपहिया वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। लोककला मंडल से पहाड़ी बस स्टैंड की तरफ सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन चालक लोककला मंडल से मधुबन की ओर होकर आ-जा सकेंगे। Udaipur News
वहीं, कोर्ट चौराहे से हॉस्पिटल रोड और चेतक मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। चार पहिया वाहनों के लिए ये रहेंगे रास्ते शिक्षा भवन चौराहे से आने वाले चार पहिया वाहन चालक रेलवे कॉलोनी, दैत्यमगरी और एनसीसी ऑफिस होते हुए लवकुश स्टेडियम की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। सहेलियों की बाड़ी की तरफ से आने वाले वाहन यूआईटी नजरबाग होते हुए लवकुश स्टेडियम पार्किंग तक जा सकेंगे।
चमनपुरा, लोहा बाजार और झरिया रोड पर आवागमन सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा। Udaipur Festivals
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था दशहरा कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों के वाहनों के लिए लवकुश स्टेडियम, लोककला मंडल के पास, जीवन निवास के सामने, आकाशवाणी के पीछे और एनसीसी ऑफिस के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। Dashera Celebration
लवकुश स्टेडियम की पार्किंग भरने पर वाहन एनसीसी ऑफिस के सामने सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित खड़े किए जा सकेंगे। दोपहिया वाहनों के लिए गुरु गोविंद सिंह स्कूल के पास, शिक्षा भवन के सामने कब्रिस्तान की दीवार के पास और चेतक स्थित कब्रिस्तान की दीवार के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों पर यातायात प्रतिबंध लागू नहीं होंगे। पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।