Udaipur Times, Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन कार्यवाही की जा रही है मंगलवार को कुल 91 तेज गति के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त लेन ड्राइविंग सिस्टम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 72 कार्रवाई तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 12 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इन चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी
जिले में यातायात पुलिस द्वारा चिन्हित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इनमें सेमलपुरा चौराहा के पास थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़, होटल कमल खराजा सदर, रिठोला टोल प्लाजा सदर चित्तौड़गढ़, ओछड़ी पुलिया व नाका सदर चित्तौड़गढ़, मधुवन चौराहा सदर चित्तौड़गढ़, भेरूनाथ होटल के पास गंगरार, मेवाड़ यूनिवर्सिटी के सामने हाईवे थाना गंगरार, कोर्ट पुलिया गंगरार, गंगरार पुलिया, बाड़ोली माधोसिंह चौराहा सदर निम्बाहेड़ा, रानीखेड़ा चौराहा सदर निम्बाहेड़ा, बांगरेड़ा मामादेव सदर निम्बाहेड़ा, सरहद भावलिया थाना सदर निम्बाहेड़ा, कल्ला जी वैदिक यूनिवर्सिटी के सामने थाना सदर निम्बाहेड़ा, कृष्णा होटल के पास कट सदर निम्बाहेड़ा, जलिया चेक पोस्ट कोतवाली निम्बाहेड़ा, मोदी पेट्रोल पम्प से कपासन चौराहा तक, रोलाहेड़ा पुलिया थाना चंदेरिया, पालका नेशनल हाईवे, कट थाना बस्सी, नपावली थाना निकुम्भ, सरखण्डा थाना शम्भूपुरा, जालमपुरा पुलिया शम्भूपुरा, अरनिया पंथ शम्भूपुरा, पंचदेवला भदेसर, होड़ा चौराहा भदेसर, कृष्णा होटल एवं फैमिली रेस्टोरेंट भदेसर, सरहद नरधारी भादसोड़ा, नितिन फैक्ट्री माण्डना थाना बेगूं एवं तेजपुर चौराहा पारसोली शामिल हैं।
ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी एवं समझाइश
यातायात पुलिस की टीमें चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित मार्गों पर नियमित रूप से गश्त एवं निगरानी कर रही हैं। इन स्थानों पर वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से तेज गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, क्षमता से अधिक सवारी एवं माल परिवहन करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
ब्लैक स्पॉट पर वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर लगे यातायात संकेतों एवं नियमों की पालना करने के लिए समझाइश की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों एवं आमजन को दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाली स्थिति पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार मौके पर यातायात को व्यवस्थित करते हुए वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन के लिए निर्देशित किया जा रहा है।
नियमों की पालना से ही सुरक्षित होगा सफर
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस द्वारा चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर प्रतिदिन निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है, ताकि लापरवाही एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ आमजन से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पूर्ण पालना करें। दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन को निर्धारित गति सीमा में चलाएं, शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा ब्लैक स्पॉट एवं अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।