विजयदशमी और रावण दहन के लिए ट्रैफिक रूट डायवर्जन और पार्किंग जानकारी
महाराणा भूपाल स्टेडियम में विजयदशमी और रावण दहन के दौरान लागू होंगे विशेष ट्रैफिक नियम और पार्किंग व्यवस्थाएं
उदयपुर 01 अक्टूबर 2025 - उदयपुर में 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर महाराणा भूपाल स्टेडियम में विजयादशमी महोत्सव और रावण दहन का आयोजन होगा।
इस दौरान यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन की विशेष योजना बनाई गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा ने बताया कि शाम 4 बजे से गुरू गोविन्द सिंह स्कूल की ओर से स्टेडियम में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश निषेध रहेगा।
जो लोग चारपहिया वाहन लेकर रावण दहन देखने आना चाहते हैं, वे अपने वाहन शिक्षा भवन से रेलवे कॉलोनी, देत्यमगरी, एनसीसी ऑफिस होते हुए लवकुश स्टेडियम की पार्किंग में खड़ा कर स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
वहीं चमनपुरा, लोहाबाजार और झरियाड़ रोड मार्ग सामान्य रूप से चालू रहेंगे।
यातायात डायवर्जन के तहत हाथीपोल से चेतक की ओर तीन और चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
चेतक से पहाड़ी बस स्टैंड की ओर दुपहिया वाहनों को अनुमति होगी, लेकिन लोककला मंडल से पहाड़ी बस स्टैंड की ओर सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
लोककला मंडल से मधुवन की ओर वाहन जा सकेंगे।
सहेलियों की बाड़ी की ओर से आने वाले वाहन यूआईटी नजर बाग से लवकुश स्टेडियम की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे।
लवकुश स्टेडियम की पार्किंग भरने के बाद लोग अपने वाहन एनसीसी ऑफिस के सामने सड़क के दोनों ओर पार्क कर सकेंगे। इसके अलावा अन्य पार्किंग स्थल लोककला मंडल, जीवन निवास, आकाशवाणी के पीछे, एनसीसी ऑफिस के बाहर निर्धारित किए गए हैं। दोपहिया वाहनों के लिए गुरू गोविन्द सिंह स्कूल के पास, शिक्षा भवन के सामने कब्रिस्तान की दीवार के पास और चेतक स्थित कब्रिस्तान के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यह व्यवस्था शाम 4 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी।
एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं पर इन प्रतिबंधों का कोई असर नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।