ट्रावेल्स व्यापारियों ने विशाल जूलूस निकाल किया विरोध प्रदर्शन

प्रधानमंत्री, परिवहन मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया 
 | 

उदयपुर 26 फ़रवरी 2026। शहर के ट्रावेल्स व्यापारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार को विशाल जुलूस निकालते हुए परिवहन विभाग की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने उदियापोल से कलेक्ट्री तक रैली निकालते हुए ज़िला कलक्टर नमित मेहता को प्रधानमंत्री, परिवहन मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

उदयपुर ट्रावेल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि ट्रेवल्स संचालक, टूर ऑपरेटर एवं बस बॉडी निर्माता एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ट्रेवल्स संचालक, टूर ऑपरेटर एवं बस बॉडी निर्माता एसोसिएशन के सदस्य शामिल हुए। सिंघवी ने बताया कि रैली में सम्मिलित प्रदर्शनकारियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उनकी दमनकारी नीतियों के कारण ट्रावेल्स व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा की जा रही अनावश्यक और कठोर कार्यवाहियों से न केवल व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने प्रमुख रूप से निजी बसों की अवैध जब्ती पर रोक लगाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करता है तो नियमानुसार चालान किया जाए, लेकिन जबरन जब्ती की कार्रवाई से अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को परेशानी होती है और राजस्थान की छवि भी प्रभावित होती है।

रैली में आक्रोशित व्यवसायियों ने कुछ अधिकारियों द्वारा की जा रही कथित नाजायज वसूली पर भी रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के नियम 130 एवं 140 का हवाला देते हुए कहा कि यदि किसी वाहन के पास आवश्यक दस्तावेजों में से कोई एक उपलब्ध है, तो शेष दस्तावेज 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का कानूनी प्रावधान है, जिसका पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में बस बॉडी कोड के उचित क्रियान्वयन की मांग करते हुए कहा गया कि केंद्र सरकार द्वारा लागू नियम 152, 153 एवं 119 को केवल 31 मार्च 2026 के बाद निर्मित बसों पर ही लागू किया जाए, क्योंकि पूर्व में निर्मित बसों में संरचनात्मक परिवर्तन संभव नहीं है। इसके अतिरिक्त स्टेज कैरिज बसों में लगेज कैरियर हटाने के प्रस्ताव का भी व्यापारियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि लगेज कैरियर हटाया जाता है तो बसों में डिग्गी की लंबाई बढ़ाने या आर-पार डिग्गी की अनुमति दी जाए, ताकि लंबी दूरी के यात्रियों को सुविधा मिल सके। व्यापारियों का कहना है कि इस प्रकार के निर्णय पर्यटन उद्योग को प्रभावित कर सकते हैं।

फिटनेस सेंटर की व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने चिंता जताई और मांग की कि जब तक प्रदेश के सभी जिलों में फिटनेस सेंटर पूर्ण रूप से स्थापित नहीं हो जाते, तब तक परिवहन कार्यालयों में पूर्ववत फिटनेस जांच की सुविधा जारी रखी जाए।

व्यापारियों ने ज़िला कलक्टर नमित मेहता को ज्ञापन सौंपते हुए खुली चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे 24 तारीख से  जिस तरह हड़ताल पर बैठे है उसे अनिश्चितकालीन जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार से संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
कुछ अधिकारियों के कारण आमजन को हो रही समस्या।

ट्रावेल एसोसिएशन अध्यक्ष पारस सिंघवी ने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील करते हुए कहा है कि कुछ हठधर्मी अधिकारियों के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है साथ ही होली के त्योहार के कारण आमजन को भारी परेशानी हो रही है। सरकार को ट्रेवल्स व्यापारियों की जायज मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए व्यापारियों के हित में निर्णय करने की मांग की है जिससे होली जैसे त्योहार के समय आमजन को राहत मिल सके। 

बुधवार को आयोजित रैली के दौरान ट्रावेल्स एसोसिएशन के महासचिव शंकर भाटिया, संगठन सचिव अब्दुल सलाम, अमित यादव, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश जोशी, कोषाध्यक्ष राजेश वीरानी, उपाध्यक्ष विपिन शर्मा, टूरिस्ट बस एसोसिएशन से ऋषभ जैन, मांगीलाल मेनारिया, दिनेश, पानील पोखरना, बस बॉडी एसोसिएशन से सुंदर लाल सुथार, किरण सुथार, विजय राम, देवीलाल, लक्ष्मीलाल के साथ बड़ी संख्या में नाथद्वारा, राजसमंद के व्यापारी उपस्थित रहे।

#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #TransportStrike #TravelBusiness #BusOperators #TourismRajasthan #Holi2026 #RajasthanTransport #LocalNewsUdaipur