सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देगा राजस्थान

15 नवम्बर को प्रदेशभर में मनाया जाएगा विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस एवं राज्य सड़क सुरक्षा दिवस

 | 
accident

 

Udaipur Times News, Road Safety , जयपुर, 13 नवम्बर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों एवं उनसे प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश में 15 नवम्बर 2026 को 'विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस' एवं 'राज्य सड़क सुरक्षा दिवस' व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा नवम्बर माह के तीसरे रविवार को विश्वभर में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों, घायलों और उनसे प्रभावित लोगों की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष दिवस की थीम ' रिमेम्बर, सपोर्ट, एक्ट' निर्धारित की गई है।

राजस्थान में भी इसी अवसर पर राज्य सरकार द्वारा राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित विभागों, सामाजिक संस्थाओं, सिविल सोसायटी एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिला एवं उपखंड स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करवाएं।

प्रदेश के जिलों में सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए व्यक्तियों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।

पुलिस विभाग के सहयोग से दुर्घटनाओं में दिवंगत व्यक्तियों की जानकारी, नाम, फोटो, दुर्घटना की तिथि एवं मूल निवास सहित अन्य विवरण संकलित किए जाएंगे। श्रद्धांजलि सभा स्थल पर दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में फ्लैक्स प्रदर्शित किए जाएंगे। कार्यक्रम में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में प्रमुख मार्गों पर बैटरी चालित कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न वर्गों के नागरिक, सामाजिक संस्थाएं, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड भाग लेंगे।

कैंडल मार्च के मार्ग में विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता फ्लैक्स प्रदर्शित किए जाएंगे।

परिवहन आयुक्त ने बताया कि कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों की भागीदारी रहेगा। इसके तहत दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को श्रद्धांजलि सभा में आमंत्रित कर उनके जीवन के संघर्षों एवं दुर्घटना के बाद परिवार पर पड़े प्रभावों के अनुभव साझा करवाए जाएंगे।

पीड़ित परिवारों के सदस्य आमजन से भावनात्मक अपील करेंगे कि यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की जिंदगी को सुरक्षित रखें। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए व्यक्तियों एवं उनके परिजनों के अनुभव भी सामने लाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से गुड सेमेरिटन एवं राहवीर से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। आमजन को बताया जाएगा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर सहायता एवं अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है। इस दौरान राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना एवं मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। लोगों को दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने तथा बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहारगत बदलाव लाने के लिए विद्यार्थियों, युवाओं, वाहन चालकों, ट्रैक्टर चालकों, व्यावसायिक वाहन चालकों एवं अन्य लक्षित समूहों के लिए कार्यशालाएं, प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा विषयक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रमों से जोड़कर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा के प्रति व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रदेश के सभी प्रादेशिक एवं जिला परिवहन कार्यालयों को वास्तविक सड़क दुर्घटनाओं एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित रियल टाइम वीडियो क्लिपिंग प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, स्थानीय निकाय, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग का उद्देश्य इस दिवस को केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी आधारित सड़क सुरक्षा अभियान का स्वरूप देना है, ताकि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों के पालन को अपनी जिम्मेदारी समझे। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए जागरूकता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार व्यवहार ही सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News