उदयपुर मे शाही शादियों का सच ? दूध तलाई पार्किंग में गंदगी और ट्रकों के जमावड़े से स्थानीय लोग और पर्यटक परेशान

 | 
Udaipur Dudh Talai

Udaipur Times, Udaipur News: झीलों की नगरी उदयपुर में इन दिनों एक तरफ जहां गुलाबी ठंड के साथ पर्यटकों का मुख्य सीजन शुरू हो चुका है, वहीं दूसरी तरफ दीपावली के बाद से शुरू होने वाले शादियों के महाआयोजनों ने शहर की रफ्तार और रंगत दोनों को बदल दिया है।

दुनिया भर में अपनी शाही शादियों (Destination Weddings) के लिए प्रसिद्ध इस शहर में इन दिनों बड़े-बड़े आयोजन हो रहे हैं, लेकिन इन आयोजनों के पीछे की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो शहर की सुंदरता और व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है।

शादियों के इसी सिलसिले के बीच हाल ही में उदयपुर में एक बड़ी शादी का आयोजन हुआ। इस आयोजन के साजो-सामान और भारी-भरकम साजो-सज्जा को लाने के लिए शहर में कई बड़े-बड़े ट्रक और लग्जरी गाड़ियां पहुंचीं। इनमें से कई भारी-भरकम ट्रक दूध तलाई स्थित माणिक्य लाल वर्मा पार्क के पास स्थित पार्किंग और घाटी क्षेत्र में खड़े किए गए। इन ट्रकों से लगातार सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का काम चला। हालांकि अब इनमें से कई गाड़ियां वहां से जा चुकी हैं, लेकिन अपने पीछे वे बदहाली की एक लंबी दास्तान छोड़ गई हैं।

घटनास्थल पर स्थिति यह है कि इवेंट कंपनियों और इन भारी वाहनों के आवागमन के बाद वहां भारी मात्रा में गंदगी फैल गई है। प्लास्टिक के बड़े-बड़े ढेर, कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थ आज भी वहां बिखरे पड़े हैं, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

स्थानीय नागरिकों और मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों का कहना है कि वे इस फैली हुई गंदगी से बेहद परेशान हैं। उनका सीधा और वाजिब सवाल यह है कि यदि शहर में कोई बड़ी शादी या निजी आयोजन होता है, तो उसकी अव्यवस्था और गंदगी का खामियाजा शहर की आम जनता और स्थानीय निवासियों को क्यों भुगतना पड़े? क्या आयोजकों या इवेंट कंपनियों की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती कि वे काम खत्म होने के बाद उस जगह को साफ-सुथरा छोड़ें? एक तरफ उदयपुर पर्यटन के नक्शे पर अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की लचर व्यवस्थाएं और आयोजकों की मनमानी शहर की छवि को धूमिल कर रही हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम इस मामले में कितनी और क्या सख्त कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से शहरवासियों और पर्यटकों को दो-चार न होना पड़े।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News