भीलवाड़ा की कपड़ा फैक्ट्री में टैंक की सफाई के दौरान दो भाइयों की मौत, जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका

 | 
Headline: “Bhilwara Tops Give-Up Scheme | Banswara Employment Festival”

 

Udaipur Times, Bhilwara News: हमीरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आरएसडब्ल्यूएम (RSWM) फैक्ट्री में आरओ प्लांट के टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक में सफाई करने उतरे दो सगे भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई। दोनों को मजदूरों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुआ।

टैंक की सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में आरओ प्लांट के टैंक की सफाई के लिए ठेकेदार ने कर्मचारियों को भेजा था। दौसा निवासी बद्री बैरवा (33) पहले टैंक में सफाई करने उतरा। कुछ देर बाद दम घुटने और घबराहट होने पर वह बाहर आ गया। उसने अपने छोटे भाई राजू (31) को टैंक के अंदर के हालात बताए।

इसके बाद बद्री दोबारा सफाई के लिए टैंक में उतर गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर छोटा भाई भी उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गया। अंदर कीचड़ में फंसे भाई को निकालने का प्रयास करते समय वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। दोनों बेसुध हो गए। मजदूरों ने दोनों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिना सुरक्षा इंतजाम के काम शुरू करने का आरोप

फैक्ट्री के एचआर हेड एसएस सोलंकी ने बताया कि कर्मचारियों ने बिना अनुमति और सेफ्टी ऑफिसर से सलाह किए टैंक की सफाई शुरू कर दी थी। सुपरवाइजर ने उन्हें मना किया था, लेकिन ठेकेदार के कहने पर काम शुरू कर दिया गया।

पहले एक युवक टैंक में उतरा और घबराहट होने पर बाहर आ गया। बाद में उसका भाई उसे निकालने के लिए अंदर गया, लेकिन वह भी टैंक में गिर गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दम घुटने से मौत होने की जानकारी मिली। हादसे के बाद फैक्ट्री में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News