पुल से कार गिरने से दो सगे भाइयों की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

बामणिया गांव के पास दर्दनाक हादसा, चार लोग गंभीर घायल; शादी के अगले ही दिन परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

 | 
Alt Text: Damaged car after falling from bridge near Bamania village in Udaipur where two brothers died

उदयपुर 28 अप्रैल 2026 - झल्लारा थाना क्षेत्र के सलूंबर-ऋषभदेव मुख्य मार्ग पर एक कार बामणिया गांव के निकट पुल से नीचे जा गिरी, जिससे कार में सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। रविवार को जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां सोमवार को मातम छा गया।

बामनिया सुई मंगरी गांव में योगी नाथ समाज के एक परिवार में रविवार को विवाह समारोह संपन्न हुआ। दूल्हा बारात लेकर दौलपुरा पहुंचा था। ढोल-नगाड़ों, गीत-संगीत के बीच शादी की रस्में पूरी हुई। दुल्हन लेकर बारात बामनिया लौटी, तो घर-आंगन खुशियों से भर गया। परंपरा के अनुसार सोमवार को पीहर पक्ष के लोग दुल्हन को लेने आणा रस्म‌ सुई मंगरी पहुंचे।

रस्में पूरी हुईं, फिर सभी अपने-अपने वाहनों से वापस दौलपुरा के लिए रवाना हो गए। बामनिया और धारोद के बीच स्थित एक पुलिया पर पहुंचते ही एक कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। कुछ ही क्षणों में खुशियों से भरी यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। चीख-पुकार की आवाजें गूंज उठीं। झल्लारा थाने के एएसआई राजेश कुमार मीणा ने बताया कि हादसे में दो सगे भाइयों में वक्तनाथ पुत्र दौलनाथ और नाथूनाथ पुत्र दौलनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।

कार में कुल 7-8 लोग सवार थे। हादसे में रूपनाथ पुत्र जगन्नाथ जोगी निवासी खरका, गौतमनाथ पुत्र खेमनाथ जोगी निवासी कराकला, उनके भाई ऊंकारनाथ और मोती बाई निवासी कराकला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंटाली खेड़ा चौकी से हेड कांस्टेबल गोपाल जोशी एवं कैलाश पाटीदार मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सलूंबर जिला अस्पताल पहुंचा दिया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया।

जैसे ही हादसे की खबर गांवों में पहुंची, हर तरफ मातम पसर गया। जिन घरों में एक दिन पहले शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। दुल्हन, जिसने अभी-अभी अपने नए जीवन की शुरुआत की थी, उसके सामने यह दर्दनाक दृश्य आ खड़ा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के पास सड़क की स्थिति सही नहीं होने से वाहन अचानक अनियंत्रित हो जाता जाता है।

इस हादसे से जुड़ा एक और मार्मिक पहलू सामने आया है। समाज के लोगों ने बताया कि जिस वाहन में सभी लोग सवार थे, उसे दुल्हन पक्ष के दूर के रिश्तेदारों ने तीन दिन पहले ही खरीदा था। नई गाड़ी से परिवार में खुशी थी।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Salumber #Bamania #Jhallaara #Accident #RoadAccident #BreakingNews #IndiaNews #LocalNews #RoadSafety #WeddingTragedy #RuralIndia

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News