गोगुंदा में तेज रफ्तार कार गड्ढे में गिरी, दो व्यापारी गंभीर घायल
मुंबई से पारिवारिक कार्यक्रम में आए दो प्रवासी व्यापारी हादसे में घायल, प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर जिला अस्पताल रेफर
उदयपुर 12 मई 2026 - मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो प्रवासी व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उदयपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र के जसवंतगढ़-नांदेशमा रोड पर सुधार माड़ड़ा गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। घायल भगवान सिंह सिंघवी (55) पुत्र चुन्नीलाल सिंघवी तथा मीठालाल बंबोरी (59) पुत्र भंवरलाल बंबोरी, दोनों नांदेशमा निवासी हैं और मुंबई में किराना व्यवसाय करते हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से नांदेशमा आए हुए थे। मंगलवार सुबह दोनों कार से गोगुंदा के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में एक परिचित के यहां रुकने के बाद दोपहर में फिर गोगुंदा के लिए निकले।
इसी दौरान सुधार माड़ड़ा गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट भंवर सिंह झाला और ईएमटी महावीर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurAccident #Gogunda #RajasthanNews #RoadAccident #BreakingNews #UdaipurUpdates #GogundaNews #Rajasthan #Nandeshma #Jaswantgarh #MumbaiBusinessmen #LocalNews #UdaipurRural #AccidentNews #RajasthanUpdates
