भीलवाड़ा में मंदिर में चोरी के दो दिन बाद चोर ने लौटाया 2 लाख का चांदी का सामान, साथ में रखे 201 रुपए
Udaipur Times, Bhilwara News: भीलवाडा जिले के मांडल कस्बे की मोहन कॉलोनी स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां भगवान की मूर्तियों को प्रणाम कर चांदी के करीब 2 लाख रुपए के गहने चोरी करने वाला चोर दो दिन बाद वापस आया और गहनों की पोटली मंदिर परिसर में फेंककर चला गया। पोटली में सभी गहने सुरक्षित मिले। साथ ही उसमें 201 रुपए भेंट के रूप में रखे एक लिफाफे में मिले।
मंदिर ट्रस्ट के सदस्य सुरेंद्र प्रताप सुवालका के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे काली टी-शर्ट और कैप पहने एक युवक मंदिर पहुंचा था। उसकी पीठ पर बैग था। चोरी करने से पहले उसने भगवान को प्रणाम किया और परिक्रमा भी लगाई। इसके बाद गर्भगृह में जाकर भगवान का चांदी का मुकुट, बांसुरी, हाथों के आठ चांदी के कड़े और पैरों के दो कड़े उतारकर फरार हो गया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।
दो दिन बाद गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे वही चोर बाइक से मंदिर के पास पहुंचा। उसने मंदिर के पीछे वाली गली में बाइक खराब होने का बहाना बनाया और फिर मुख्य गेट के पास से गहनों की पोटली मंदिर परिसर के अंदर फेंक दी। उस समय मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था।
शाम करीब 5 बजे मंदिर पहुंचे पुजारी मयंक वैष्णव को परिसर में पोटली मिली। खोलकर देखने पर उसमें चोरी हुए सभी चांदी के गहने सुरक्षित मिले। साथ ही 201 रुपए रखे एक लिफाफा भी मिला। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, चोरी हुए सभी गहने वापस मिल गए हैं।