भीलवाड़ा में सांप के काटने से दो मासूम बहनों की मौत

 | 
Bhilwara Snake Bite Two girl

 

Udaipur Times, Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के मोखमपुरा गांव में सांप के काटने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ राखी के पर्व पर ननिहाल आई थीं। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार कांजी खेड़ा निवासी जगदीश गुर्जर की पत्नी ज्ञानी देवी अपनी बेटियों कृष्णा (5) और भावना (2) के साथ राखी पर अपने पीहर मोखमपुरा आई थीं। शनिवार रात खाना खाने के बाद मां और दोनों बेटियां एक ही कमरे में सो रही थीं।

रविवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बच्चियों के रोने की आवाज सुनकर मां की नींद खुली। उन्होंने देखा कि दोनों बच्चियों के शरीर पर सांप के काटने के निशान थे। इसी दौरान सांप को कमरे से निकलते हुए भी देखा गया।

मां ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। परिजन दोनों बच्चियों को आनन-फानन में रायपुर सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 2 वर्षीय भावना को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, 5 वर्षीय कृष्णा की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। दो मासूम बहनों की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News