गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर भीषण कार-ट्रक भिड़ंत, दो युवक घायल
तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर ट्रक से टकराई, एक की हालत गंभीर, एमबी अस्पताल रेफर
उदयपुर30 अप्रैल 2026 । जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में कार चालक सेमटाल निवासी कैलाश नागरची कार के अंदर बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। वहीं कार में सवार उदयपुर निवासी सुनील बाण भी घायल हो गया। दोनों घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने कैलाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमबी अस्पताल रेफर कर दिया।जबकि सुनील का गोगुंदा अस्पताल में इलाज जारी है। हादसा खाखड़ी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का बोनट और ड्राइवर सीट वाला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। जानकारी के अनुसार दोनों युवक सेमटाल से किसी काम से उदयपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ता भटककर खाखड़ी की ओर निकल गए।
कार की रफ्तार तेज होने से अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया, जहां सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। सूचना पर गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
#UdaipurNews #RajasthanNews #Gogunda #RoadAccident #HighwayCrash #PindwaraHighway #BreakingNews #UdaipurUpdates #RajasthanAccident #LocalNewsUdaipur #Khakhadi #MBHospital #IndiaNews #TrafficAlert #AccidentNews
