UCCI ने स्टाम्प पेपर पर अधिक वसूली पर जताई चिंता

कलेक्टर (स्टाम्प) को भेजा ज्ञापन
 | 

उदयपुर 14 फरवरी 2026। उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (UCCI) के अध्यक्ष मनीष गलूंडिया ने कलेक्टर (स्टाम्प), उदयपुर को पत्र लिखकर स्टाम्प पेपर की बिक्री में की जा रही अतिरिक्त वसूली पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

UCCI के अध्यक्ष मनीष गलूंडिया ने अवगत कराया कि ₹500 के स्टाम्प पेपर की खरीद पर शासन द्वारा ₹50 एवं ₹100 अतिरिक्त शुल्क सहित कुल ₹650 राशि निर्धारित की गई है, जो कि राजस्व के रूप में सरकार को प्राप्त होती है। किंतु वास्तविकता में स्टाम्प विक्रेताओं द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से ₹715 या उससे अधिक राशि वसूल की जा रही है। इसी प्रकार ₹100 एवं अन्य मूल्य वर्ग के स्टाम्प पेपर पर भी निर्धारित राशि से अधिक वसूली की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।

गलूंडिया ने कहा कि यह स्थिति व्यापारिक वर्ग एवं आम नागरिकों के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ उत्पन्न कर रही है तथा पारदर्शिता के सिद्धांत के विरुद्ध है। UCCI ने प्रशासन से इस विषय की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

UCCI द्वारा दिए गए सुझाव निम्नानुसार हैं -

यदि स्टाम्प विक्रेताओं को किसी प्रकार का कमीशन देय है तो वह सरकार द्वारा निर्धारित अतिरिक्त शुल्क में से ही प्रदान किया जाए, क्योंकि अतिरिक्त राशि स्वयं सरकारी राजस्व है।

अधिकृत रूप से विक्रेताओं को निर्धारित 30 प्रतिशत तक ही सेवा शुल्क लेने का प्रावधान है, जबकि व्यवहार में 50 प्रतिशत तक वसूली की जा रही है। इस पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

यदि कोई अतिरिक्त शुल्क देय है तो उसकी स्पष्ट दरें प्रत्येक स्टाम्प विक्रेता अपने विक्रय केंद्र पर बोर्ड पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करें, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

UCCI ने प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की है कि इस विषय में शीघ्र संज्ञान लेकर आमजन एवं व्यापारिक वर्ग को राहत प्रदान की जाएगी तथा स्टाम्प बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं नियमन सुनिश्चित किया जाएगा।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal