Udaipur: छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर ABVP का MLSU में प्रदर्शन

 | 
ABVP MLSU

 

Udaipur Times, Udaipur News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली सहित उच्च शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (MLSU) परिसर में विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष प्रवीण टांक एवं इकाई सचिव त्रिभुवन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों विद्यार्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत विद्यार्थियों ने कुलगुरु के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम पाँच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ABVP महानगर मंत्री कोमल वैष्णव ने बताया कि प्रदर्शन में ABVP के प्रदेश मंत्री जितेंद्र लोधा भी उपस्थित रहे। ज्ञापन में छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली, समस्त राज्य विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, समयबद्ध एवं पारदर्शी परीक्षा परिणाम घोषित करने, विश्वविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियाँ करने तथा प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

प्रदेश मंत्री जितेंद्र लोधा ने कहा, "विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने वाले संस्थान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक नेतृत्व निर्माण की प्रयोगशालाएँ हैं। राजस्थान में वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराना लाखों विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करते हैं। पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों के कारण चुनाव लगातार प्रभावित रहे, किंतु अब वर्तमान सरकार को बिना किसी विलंब के छात्रसंघ चुनावों की घोषणा कर प्रत्येक वर्ष नियमित एवं समयबद्ध चुनाव सुनिश्चित करने चाहिए। विद्यार्थी परिषद इस मांग को लेकर प्रदेशभर में संघर्षरत है और जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं होंगे, तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।"

प्रदेश सह मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा, "राजस्थान की उच्च शिक्षा व्यवस्था अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र लगातार विलंबित हो रहे हैं, परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं हो रहे, मूल्यांकन प्रक्रिया की त्रुटियाँ विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हजारों रिक्त पदों के कारण शिक्षण व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। इसके अतिरिक्त अधिकांश राजकीय महाविद्यालय स्थायी प्राचार्यों के अभाव में संचालित हो रहे हैं। सरकार को इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनानी चाहिए। साथ ही छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं, जिन्हें शीघ्र बहाल किया जाना आवश्यक है।"

विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों की इन न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष प्रवीण टांक, ईकाई सचिव त्रिभुवन सिंह राठौड़, रुद्र प्रताप सोनी, पार्थ दीक्षित, पीयूष झाला, अंशुमान सिंह, अजय सिंह, भानु प्रताप सिंह, कुनाल, विरेन्द्र मेघवाल, विकास चौधरी, करण सिंह, सूरज, धीरज डांगी, किरण वैष्णव, सुमन कुंवर, खुशी चौहान, करिश्मा पारगी उपस्थित रहें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News