एयरपोर्ट पर बाहरी टैक्सी चालकों पर रोक की मांग
उदयपुर एयरपोर्ट टैक्सी संगठन का विरोध
उदयपुर 19 सितंबर 202 । डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर टैक्सी संगठन ने आक्रोश जताते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिन टैक्सी संचालकों का एयरपोर्ट प्राधिकरण के साथ एग्रीमेंट है, उनके अलावा करीब 15 बाहरी लोग भी टैक्सी लगाकर पैसेंजर को लेकर चले जाते हैं, जिससे नियमित टैक्सी संचालकों का धंधा प्रभावित हो रहा है।
महाराणा प्रताप हवाई अड्डा टैक्सी संगठन की ओर से सभी संचालक एकत्रित हुए और अपनी मांग रखी। संगठन ने आरोप लगाया कि वे प्राधिकरण को राजस्व देते हैं और शर्तों की पालना करते हैं, लेकिन बाहर से आने वाले टैक्सी चालक बिना अनुमति के यात्रियों को ले जाते हैं।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने डबोक थानाधिकारी हुक्म सिंह को भी समस्या से अवगत कराया। एयरपोर्ट प्राधिकरण के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे धरना देने पर मजबूर होंगे।
