मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम शुरू करेगा व्यापक जनजागरण अभियान
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक, लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
वसूला जाएगा जुर्माना
Udaipur Times News, Dengue , MosquitoControl ,HealthAwareness ,उदयपुर 28 जुलाई 2026 - नगर निगम उदयपुर द्वारा शहर में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर बुधवार से व्यापक स्तर पर जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा।
अभियान के तहत शहरवासियों को डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छर जनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी एकत्रित नहीं होने देने तथा मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान विभिन्न स्थानों पर पानी जमा होने के कारण मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में डेंगू, मलेरिया सहित मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है।
इन बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा लगातार आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन शहरवासियों के सहयोग के बिना इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाना संभव नहीं है।
इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शाखा द्वारा बुधवार से विशेष जनजागरण अभियान प्रारंभ किया जाएगा। आयुक्त खन्ना ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा के निर्देशन में सभी सेक्टर अधिकारियों एवं जमादारों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। MunicipalCorporation
वार्डों में कार्यरत सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर नागरिकों को जागरूक करेंगे तथा यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेंगे कि घरों में कूलर, फ्रिज, गमले, टंकियों अथवा अन्य स्थानों पर लंबे समय तक पानी जमा न रहे। जहां पानी जमा हो रहा है, वहां नियमित रूप से पानी बदलने तथा मच्छरों का लार्वा पनपने से रोकने के उपाय करने के लिए भी नागरिकों को जानकारी दी जाएगी। DiseasePrevention
चिकित्सा अधिकारियों के साथ हुई बैठक। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं शहर में विशेष सतर्कता बरतने को लेकर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना की अध्यक्षता में डिप्टी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक, सेक्टर प्रभारी एवं सभी जमादार उपस्थित रहे।
आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और जनजागरण अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने की शहरवासियों से अपील। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय तक पानी जमा नहीं होने दें। HealthAwareness
उन्होंने कहा कि जमा पानी में ही मच्छर पनपते हैं और इनके माध्यम से डेंगू, मलेरिया सहित विभिन्न मच्छर जनित रोग फैलने की संभावना रहती है। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम के जनजागरण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही शहर को मच्छर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। लापरवाही बरतने पर होगी सख्ती। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि जनजागरण एवं समझाइश के बावजूद लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।
#Udaipur #Dengue #Malaria #MosquitoControl #PublicHealth #Rajasthan #HealthAwareness #Monsoon #MunicipalCorporation #DiseasePrevention
