जोधपुर में अधिवक्ता के साथ अभद्रता पर कार्रवाई की मांग
उदयपुर 2 दिसंबर 2025। बार एसोसिएशन उदयपुर ने पुलिस थाना कूड़ी भगतासनी के थाना प्रभारी हमीरसिंह तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री राजस्थान को पत्र लिखा है।
बार एसोसिएशन की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि जोधपुर के अधिवक्ता भरतसिंह राठौड़ अपने मुवक्किल के न्यायिक कार्य के लिए थाने पहुंचे थे। इस दौरान थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों द्वारा अधिवक्ता के साथ न सिर्फ बदसलूकी की गई बल्कि मारपीट करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पत्र में कहा गया है कि महिला अधिवक्ता के सामने अधिवक्ता भरतसिंह को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पीटा गया, जिससे अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है।
बार एसोसिएशन ने आगे कहा कि अधिवक्ता के साथ हुई इस घटना से अधिवक्ता समुदाय स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जबकि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। आरोप लगाया गया कि थाने में पदस्थ अधिकारियों द्वारा पहले भी अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं, जिनके चलते आये दिन तनाव की स्थिति बनी रहती है।
बार एसोसिएशन ने मांग की है कि थाना प्रभारी हमीरसिंह सहित संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए, उनके खिलाफ अपराध का प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पत्र में चेतावनी भी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता वर्ग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
#UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurLive #UdaipurUpdates#Jodhpur #AdvocateAssault #BarAssociation #KoodiBhagtasni #RajasthanPolice #LegalNews #JusticeSystem #UdaipurLocal
