उदयपुर कांग्रेस में मची खलबली, पैराशूट उम्मीदवारों के खिलाफ अशोक गहलोत से शिकायत

 | 
Udaipur Congress

 

Udaipur Times: UMC Election 2026: राजस्थान के उदयपुर में नगर निगम चुनाव के तहत कांग्रेस द्वारा पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी करते ही स्थानीय राजनीति में घमासान शुरू हो गया है। उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होते ही कई वार्डों में पार्टी के भीतर भारी असंतोष और खलबली का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और दावेदारों में विशेष रूप से 'पैराशूट' यानी बाहरी उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।

मामला उदयपुर के वार्ड नंबर 22 से सामने आया है, जहाँ कांग्रेस पार्टी ने पूर्व पार्षद हिदायत तुल्लाह के नाम पर अपनी सहमति जताते हुए मोहर लगाई है। पार्टी के इस फैसले से वार्ड के स्थानीय निवासियों और टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे उमर फारूक बेहद नाराज हैं। हिदायत तुल्लाह को उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में उमर फारूक और उनके समर्थकों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है।

आज अपने उदयपुर दौरे पर पहुंचे राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उमर फारूक ने समर्थकों के साथ मुलाकात की और लिखित में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि पार्टी ने क्षेत्रीय और समर्पित निवासियों का हक मारकर उनका टिकट काट दिया है और ऐसे उम्मीदवार को मौका दिया है जिसे स्थानीय लोग स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।

गहलोत से मुलाकात के दौरान उमर फारूक ने मांग की कि वार्ड नंबर 22 के प्रत्याशी चयन के फैसले पर पार्टी आलाकमान को तुरंत पुनः विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप फैसला नहीं बदला गया, तो पार्टी को चुनाव में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस शिकायत के बाद अब सभी की नजरें कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News