पुलिस कॉन्स्टेबल ने बदल दी सरकारी स्कूल की तस्वीर

मथारा प्राथमिक स्कूल का कायाकल्प

 | 
कॉन्स्टेबल ने बदली सरकारी स्कूल की तस्वीर – उदयपुर

उदयपुर 29 अगस्त 2025। एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपने गांव के सरकारी स्कूल की सूरत बदलने का बीड़ा उठाया। ग्रामीणों के सहयोग से राशि जुटाई गई और स्कूल का रंगरोगन, फर्श और आवश्यक निर्माण कार्य कराए गए। बदलाव की यह मिसाल उदयपुर जिले की कोटड़ा तहसील के मथारा गांव के प्राथमिक स्कूल में देखने को मिली।

सिरोही जिले के स्वरूपगंज थाने में तैनात कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार पारगी जब हाल ही में अपने गांव पहुंचे और स्कूल की जर्जर हालत देखी तो वे विचलित हो गए। इसके बाद उन्होंने निश्चय किया कि स्कूल को बेहतर बनाने के लिए जन सहयोग से अभियान चलाया जाएगा।

सुरेश कुमार ने सोशल मीडिया पर एक ग्रुप बनाया और पहल की। देखते ही देखते गांव के लोग, कर्मचारी, दोस्त और समाजसेवी जुड़ते गए। साथ ही सिरोही के उपखंड अधिकारी मनसुख डामोर, कोटड़ा थानाधिकारी मुंगला राम, ओगणा थानाधिकारी रामावतार मीणा, डूंगरपुर महिला थाना प्रभारी दीपलाल और स्वरूपगंज के व्यापारियों ने भी सहयोग किया।

करीब 1 लाख 13 हजार 500 रुपए की राशि जुटने के बाद स्कूल का कायाकल्प शुरू हुआ। स्कूल की दीवारों पर रंगरोगन कराया गया, कमरों और बरामदों में नई फर्श डाली गई। साथ ही दो पंखे लगाए गए, कार्यालय के लिए टेबल, पांच कुर्सियां, दो ब्लैक बोर्ड, एक लेक्चर स्टैंड, पांच जाजम और एक माइक स्पीकर की व्यवस्था की गई। बच्चों को स्टेशनरी भी भामाशाहों के जरिए उपलब्ध कराई गई। इस जन सहयोग ने न सिर्फ स्कूल की सूरत बदल दी बल्कि शिक्षा के माहौल को भी नया जीवन दे दिया।

#Udaipur #Kotda #Rajasthan #PositiveNews #Inspiration #CommunityService #EducationForAll #PoliceConstable #GovernmentSchool #SchoolRenovation

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News