उदयपुर में गो रक्षा कानून की मांग को लेकर निकली आक्रोश रैली

हजारों लोग हुए शामिल

 | 

उदयपुर 27 अप्रैल 2026। देशव्यापी आह्वान पर उदयपुर में गो रक्षा कानून की मांग को लेकर रविवार को विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और गो रक्षा पर सख्त कानून बनाए जाने की मांग उठाई। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज बुलंद की।

रैली में शामिल कई लोग ढोल-मंजीरों की धुन पर भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। वहीं गाय की प्रतीकात्मक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। लोग गो रक्षा का संदेश देने वाले बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी रैली में भागीदारी निभाई।

यह रैली सुबह नगर निगम टाउन हॉल प्रांगण से शुरू होकर देहलीगेट होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने गोवंश की तस्करी रोकने, हर जिले में गौशालाओं को मजबूत करने तथा काइन हाउसों की स्थिति सुधारने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

वहीं उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में संत गुलाबदास के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने कोर्ट चौराहा से कस्बे तक जुलूस निकाला। जुलूस उपखंड कार्यालय पहुंचा, जहां नायब तहसीलदार अभिषेक दरंगा को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान उपखंड कार्यालय के बाहर हरि कीर्तन और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

#Udaipur #RajasthanNews #CowProtection #GauRaksha #UdaipurNews #IndiaNews #LocalNews #ProtestRally #BreakingNews #RajasthanUpdates #UdaipurCity #SocialAwareness #ReligiousEvents #PublicProtest

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News