उदयपुर में गौमांस की तस्करी के संदेह में गौरक्षकों ने रुकवाया कंटेनर रुकवाया
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में डाकन कोटड़ा टोल नाके के पास शुक्रवार शाम गौमांस की तस्करी की सूचना पर गौरक्षा दल के सदस्यों ने एक वातानुकूलित कंटेनर को रुकवाया। कंटेनर में गौमांस होने का आरोप लगाते हुए गौरक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर सवीना थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान गौरक्षा दल के सदस्यों और थानाधिकारी दलबीर सिंह के बीच तीखी बहस हो गई। गौरक्षकों ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
उदयपुर गौरक्षा दल के हार्दिक मेनारिया ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक वातानुकूलित कंटेनर में फर्जी दस्तावेजों की आड़ में गौमांस की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके के लिए रवाना हुई और शुक्रवार शाम डाकन कोटड़ा टोल नाके के पास कंटेनर को रुकवा लिया।
इधर, सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि कंटेनर चालक से पूछताछ कर दस्तावेजों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कंटेनर में एक अंतरराष्ट्रीय निर्यात कंपनी का भैंस का मांस (बफेलो मीट) भरा हुआ था। हालांकि, गौरक्षा दल की मांग पर एफएसएल और पशु चिकित्सालय की टीम को मौके पर बुलाया गया।
दोनों टीमों ने कंटेनर में भरे मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कंटेनर में किस पशु का मांस था। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।