उदयपुर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने के मामले में आक्रोश, देहलीगेट बाजार स्वैच्छिक रूप से बंद

 | 
Udaipur Tense Situation

 

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर बीड़ा इलाके में शिवलिंग क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर सर्वसमाज में आक्रोश है। घटना के विरोध में शनिवार को देहलीगेट चौराहे और आसपास के दुकानदारों ने स्वैच्छिक रूप से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। वहीं, मामले में पुलिस ने एक आरोपी को डिटेन किया है।

घटना गुरुवार रात इंद्रा नगर बीड़ा इलाके में स्थित शिव मंदिर में हुई थी। शिवलिंग क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश की थी। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई थी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी।

पुलिस ने शुक्रवार देर रात तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को डिटेन कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

देहलीगेट चौराहे पर जुटे लोग

बाजार बंद की सूचना के बाद पुलिस भी देहलीगेट चौराहे पर पहुंची। बीजेपी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और कार्यकर्ता भी चौराहे पर जमा हुए और घटना के विरोध में नारेबाजी की।

बीजेपी नेता सन्नी पोखरना ने कहा कि मंदिर जैसी जगह को आसानी से निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। साथ ही शहर के सभी मंदिरों के बाहर और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शिव मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

विरोध के दौरान युवा शहर का देहलीगेट, बाबू बाजार, सूरजपोल क्षेत्र बंद है, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी होगी, साथ ही मौके पर पुलिस के आला अधिकारी के साथ  पुलिस जाप्ता मौजूद है।

डिप्टी छवि शर्मा ने बताया कि आरोपी फिरोज को डिटेन कर लिया है वही पुलिस अधिकारियों के साथ आक्रोशित लोगों से समझाइश की जा रही है। 
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News