दीपावली पर उदयपुर पटाखा बाजार में बढ़ी रौनक, मोरपंखी अनार से लेकर ड्रोन और फ्लाइट पटाखों की डिमांड
Udaipur Times, Udaipur News: दीपावली के त्योहार को लेकर शहर के पटाखा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। इस बार बाजार में कई नई वैरायटी के आकर्षक पटाखे उपलब्ध हैं। मोरपंखी अनार से लेकर ड्रोन और हवाई जहाज की तरह उड़ने वाले पटाखे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, बच्चों के लिए रंग बदलने वाली तितली, लोटस चक्र, फुलझड़ियां और पिस्तौल वाली टिकली की कई वैरायटी आई हैं।
मोरपंख की तरह रंग बिखेरेगा अनार
पटाखा व्यवसायी लोकेश लालवानी ने बताया कि इस बार डोनवर्ल्ड बड़ा अनार, लेवेंडर कॉर्न, हेलोविन अनार और लॉलीपॉप अनार जैसी नई वैरायटी उपलब्ध हैं। हेलोविन अनार मोरपंख की तरह अलग-अलग रंगों की रोशनी बिखेरेगा। वहीं, फ्लाइट पटाखा हवाई जहाज और ड्रोन की तरह आसमान में उड़ता नजर आएगा।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर-64 पटाखा 64 बार फूटेगा, जबकि 1688 ट्रेड शॉट में एक साथ 900 शॉट की आतिशबाजी का प्रभाव दिखाई देगा। स्काई कॉप्टर करीब 600 फीट की ऊंचाई तक जाकर गोल्डन रोशनी बिखेरेगा। वहीं, मैजिक पॉप अनार से सिक्कों जैसी चिंगारियां निकलेंगी।
बच्चों के लिए भी कई नई वैरायटी
पटाखा व्यवसायी आशुतोष शर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए लोटस जमीन चक्र, टिंस, लोटो, फ्लाईव्हील, पॉप-अप बम, रंग बदलने वाली तितली, पेंसिल और पिस्तौल वाली टिकली जैसी कई वैरायटी उपलब्ध हैं।
लोटस जमीन चक्र घूमने के साथ अनार की तरह रोशनी भी बिखेरेगा। पियोर गोल्ड अनार से बारिश की बूंदों जैसी आवाज सुनाई देने का एहसास होगा। वहीं, बिग शो पटाखे में आसमान में 100 बार आतिशबाजी होगी, जबकि मेगा पीकॉक अनार मोरपंख की तरह रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरेगा।